सुल्तान अजलान शाह हॉकी कप पुरुष हॉकी की एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है। मलेशिया में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 1983 में की गई। वर्ष 2016 में 25वें सुल्तान अजलान शाह कप (सिल्वर जुबली कप) का आयोजन किया गया। जिसकी विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम बनी। उपविजेता भारत बना। इस प्रतियोगिता को शुरू करने का श्रेय हॉकी प्रेमी सुल्तान (राजा) अजलान मुहीबुद्दीन शाह को जाता है। वे मलेशिया के राज्य पेरक के 34वें सुल्तान थे। उनका जन्म वर्ष 1928 में एक शाही परिवार में हुआ। यूरोप में पढ़ाई के बाद वे न्यायालय में जज बने। उन्हें मलेशिया में सबसे कम उम्र के मुख्य न्यायाधीश होने का गौरव प्राप्त है। सुल्तान बनने के बाद उन्होंने वर्ष 1983 में पहले सुल्तान अजलान शाह हॉकी कप का आयोजन कराया। इस टूर्नामेंट को ऑस्ट्रेलिया ने जीता था। शुरुआत में इसका आयोजन अनियमित अंतराल पर होता रहा। परन्तु वर्ष 1998 से हर वर्ष सुल्तान अजलान शाह कप का आयोजन होता आ रहा है। सुल्तान अजलान का निधन वर्ष 2014 में हुआ। ऑस्ट्रेलिया सर्वाधिक 9 बार इस प्रतियोगिता का विजेता बना है। भारत ने इस टूर्नामेंट को 5 बार जीता है। मेजबान मलेशिया अब तक इस टूर्नामेंट को नहीं जीत पाया है।
सुल्तान अजलान शाह हॉकी कप के अब तक के विजेता
सुल्तान अजलान शाह हॉकी कप के अब तक के विजेता
| क्रम | वर्ष | विजेता (स्वर्ण) | उपविजेता (रजत) | तृतीय स्थान (कांस्य) |
|---|---|---|---|---|
| 1. | 1983 | ऑस्ट्रेलिया | पाकिस्तान | भारत |
| 2. | 1985 | भारत | मलेशिया | पाकिस्तान |
| 3. | 1987 | जर्मनी | पाकिस्तान | इंग्लैंड |
| 4. | 1991 | भारत | पाकिस्तान | सोवियत यूनियन |
| 5. | 1994 | इंग्लैंड | पाकिस्तान | ऑस्ट्रेलिया |
| 6. | 1995 | भारत | जर्मनी | न्यूजीलैंड |
| 7. | 1996 | ऑस्ट्रेलिया | जर्मनी | दक्षिण कोरिया |
| 8. | 1998 | पाकिस्तान | दक्षिण कोरिया | जर्मनी |
| 9. | 1999 | दक्षिण कोरिया | ऑस्ट्रेलिया | मलेशिया |
| 10. | 2000 | पाकिस्तान | दक्षिण कोरिया | भारत |
| 11. | 2001 | जर्मनी | दक्षिण कोरिया | ऑस्ट्रेलिया |
| 12. | 2003 | पाकिस्तान | जर्मनी | न्यूजीलैंड |
| 13. | 2004 | ऑस्ट्रेलिया | पाकिस्तान | दक्षिण कोरिया |
| 14. | 2005 | ऑस्ट्रेलिया | दक्षिण कोरिया | पाकिस्तान |
| 15. | 2006 | नीदरलैंड्स | ऑस्ट्रेलिया | भारत |
| 16. | 2007 | ऑस्ट्रेलिया | मलेशिया | भारत |
| 17. | 2008 | अर्जेन्टीना | भारत | न्यूजीलैंड |
| 18. | 2009 | भारत | मलेशिया | न्यूजीलैंड |
| 19. | 2010 | भारत | दक्षिण कोरिया | ऑस्ट्रेलिया |
| 20. | 2011 | ऑस्ट्रेलिया | पाकिस्तान | इंग्लैंड |
| 21. | 2012 | न्यूजीलैंड | अर्जेन्टीना | भारत |
| 22. | 2013 | ऑस्ट्रेलिया | मलेशिया | दक्षिण कोरिया |
| 23. | 2014 | ऑस्ट्रेलिया | मलेशिया | दक्षिण कोरिया |
| 24. | 2015 | न्यूजीलैंड | ऑस्ट्रेलिया | भारत |
| 25. | 2016 | ऑस्ट्रेलिया | भारत | न्यूजीलैंड |
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें