करंट अफेयर्स-2023 अपडेट 24 अगस्त
अस्त्र मिसाइल का सफल परीक्षण
23 अगस्त, 2023 को गोवा के तट पर स्वदेशी बियॉन्ड विजुअल रेंज (बीवीआर) हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल 'अस्त्र' का सफल परीक्षण किया गया। यह परीक्षण हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस एलएसपी-7 से लगभग 20,000 फीट की ऊंचाई पर किया गया। इसे रक्षा अनुसंधान, विकास प्रयोगशाला (डीआरडीएल), अनुसंधान केंद्र इमारत (आरसीआई) और अन्य प्रयोगशालाओं द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया है। यह परीक्षण निगरानी एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (एडीए), रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ), हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और वैज्ञानिकों के साथ-साथ सेंटर फॉर मिलिट्री एयरवर्दीनेस एंड सर्टिफिकेशन (सीईएमआईएलएसी) और वैमानिकी गुणवत्ता आश्वासन (डीजी-एक्यूए) महानिदेशालय द्वारा की गई।
चंद्रयान-3
भारत के मिशन चन्द्रयान-3 ने इतिहास रचा। विक्रम लैंडर ने चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर 23 अगस्त, 2023 को भारतीय समयानुसार शाम 6:04 बजे सफल लैंडिंग की।
लोकसभा चुनाव-2024 के लिए सचिन तेंदुलकर को नेशनल आइकॉन चुना
चुनाव आयोग ने आगामी लोकसभा चुनाव-2024 के लिए क्रिकेटर और भारत रत्न से सम्मानित सचिन रमेश तेंदुलकर को नेशनल आइकॉन के रूप में चुना है। चुनाव आयोग द्वारा 3 साल के लिए ज्ञापन समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। नेशनल आइकॉन के रूप में पंकज त्रिपाठी, एम. एस. धोनी, आमिर खान और मैरी कॉम चुने जा चुके हैं।
फिडे विश्व शतरंज कप-2023 में आर. प्रज्ञानानंदा बने उप-विजेता
23 अगस्त, 2023 को फिडे विश्व शतरंज कप-2023 के फाइनल में नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन ने खिताब अपने नाम किया। फिडे विश्व शतरंज कप-2023 में भारत के 18 वर्षीय ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानानंदा उप-विजेता रहे। ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद के बाद यह दूसरे भारतीय हैं जो फिडे विश्व शतरंज कप के फाइनल में पहुंचे हैं।
स्पेन ने जीता फीफा महिला फुटबॉल विश्व कप 2023 का खिताब
ऑस्ट्रेलिया में खेले गए फीफा महिला फुटबॉल विश्व कप 2023 का खिताब स्पेन ने जीत लिया। 20 अगस्त, 2023 को सिडनी में हुए फाइनल में स्पेन ने इंग्लैंड को 1-0 से हराया। स्पेनिश और अंग्रेज टीम ने पहली बार टूर्नामेंट का फाइनल खेला। स्पेन की टीम फीफा महिला विश्व कप जीतने वाली पांचवी टीम बन गई है। इससे पहले अमेरिका ने चार बार, जर्मनी ने दो बार, नॉर्वे और जापान ने एक-एक बार यह खिताब जीता है।
मालाबार-23 युद्धाभ्यास समाप्त
सिडनी के पास ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर 21 अगस्त, 2023 को चार देशों के मालाबार-23 युद्ध अभ्यास का 27वां संस्करण सम्पन्न हुआ। इस युद्ध अभ्यास में भारतीय नौसेना (आईएन), रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी (आरएएन), जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएमएसडीएफ) और यूएस नेवी (यूएसएन) के जहाजों, पनडुब्बियों और विमानों ने भाग लिया। मालाबार-23 युद्ध अभ्यास का पहला बंदरगाह चरण 11-15 अगस्त, 2023 तक चला। दूसरा समुद्री चरण 16-21 अगस्त, 2023 तक आयोजित किया गया। भारतीय नौसेना की ओर से मालाबार-23 युद्धाभ्यास में स्वदेशी विध्वंसक आईएनएस कोलकाता, फ्रिगेट आईएनएस सह्याद्रि और पी8आई समुद्री गश्ती विमान ने भाग लिया।
ऐश्वर्या भाटी राष्ट्रमंडल की वैश्विक परामर्श समूह की सदस्य बनीं
देश की अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) ऐश्वर्या भाटी को राष्ट्रमंडल के वैश्विक परामर्श समूह के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। ऐश्वर्या इस वैश्विक सैन्य न्याय निकाय का हिस्सा बनने वाली दूसरी भारतीय बन गई हैं। इससे पूर्व पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के वकील नवदीप सिंह को इस पद पर नियुक्त किया गया था। राष्ट्रमंडल में कुल 56 सदस्य राष्ट्र शामिल हैं।
नोवाक जोकोविच ने सिनसिनाटी ओपन-2023 जीता
23 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच ने 20 अगस्त, 2023 को सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट-2023 जीतकर अपने करियर का 39वां एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीता। सर्बिया के जोकोविच (36) सिनसिनाटी ओपन का खिताब जीतने वाले सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी हैं।
युवा-20 शिखर सम्मेलन उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सम्पन्न
युवा मामले और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के युवा मामले विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी में युवा20 (वाई20) शिखर सम्मेलन-2023 का आयोजन 17 से 20 अगस्त, 2023 तक किया गया। रुद्राक्ष इंटरनेशनल कोऑपरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर (आरआईसीसीसी) में अंतिम दिन एक पूर्ण सत्र का आयोजन किया गया। आयोजन के पश्चात् जारी विज्ञप्ति में शामिल प्रमुख सिफारिशें इस प्रकार हैं- आजीवन शिक्षण को सशक्त बनाना, वैश्विक चुनौतियों के लिए वैश्विक कार्यबल तैयार करना, अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान सहयोग को मजबूत बनाना, सार्वभौमिक गिग कार्यकर्ता अधिकारों को बढ़ावा देना और सुलभ सतत वित्तपोषण और परामर्श को लागू करना।
भारत की अनाहत सिंह ने जीता एशियाई जूनियर स्क्वैश व्यक्तिगत चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
चीन में आयोजित एशियाई जूनियर स्क्वैश व्यक्तिगत चैंपियनशिप-2023 में भारत की अनाहत सिंह ने अंडर-17 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने फाइनल में हांगकांग की एना क्वांग को हराया। अनाहत ने 2022 में थाईलैंड में अंडर-15 का स्वर्ण पदक और 2019 में मकाऊ में अंडर-13 वर्ग का कांस्य पदक जीता था।
स्पेन ने जीता फीफा महिला फुटबॉल विश्व कप 2023 का खिताब
ऑस्ट्रेलिया में खेले गए फीफा महिला फुटबॉल विश्व कप 2023 का खिताब स्पेन ने जीत लिया। 20 अगस्त, 2023 को सिडनी में हुए फाइनल में स्पेन ने इंग्लैंड को 1-0 से हराया। स्पेनिश और अंग्रेज टीम ने पहली बार टूर्नामेंट का फाइनल खेला। स्पेन की टीम फीफा महिला विश्व कप जीतने वाली पांचवी टीम बन गई है। इससे पहले अमेरिका ने चार बार, जर्मनी ने दो बार, नॉर्वे और जापान ने एक-एक बार यह खिताब जीता है।
चंद्रमा पर उतरते समय रूस का 'लूना-25' हुआ क्रैश
रूस द्वारा 11 अगस्त, 2023 को चंद्रमा के लिए लॉन्च किया गया 'लूना-25' चांद की सतह पर उतरते समय 20 अगस्त, 2023 को क्रैश हो गया। लूना-25 का लक्ष्य चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र को एक्सप्लोर करना था। 11 अगस्त, 2023 को लगभग 50 साल बाद रूस ने चंद्रमा के लिए मिशन लॉन्च किया था। लूना-25 मिशन का बजट लगभग 16.6 अरब रुपये था। रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रॉसकॉसमॉस के अनुसार लूना-25 अनियंत्रित कक्षा में घूमने के बाद चंद्रमा से टकराकर क्रैश हो गया।
हमारे चंद्रयान-3 विक्रम (लैंडर) और प्रज्ञान (रोवर) के लिए प्रार्थना जरूर करें।
रतन टाटा महाराष्ट्र के पहले उद्योग रत्न पुरस्कार से सम्मानित
प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा को 19 अगस्त, 2023 को महाराष्ट्र के पहले उद्योग रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने डिप्टी सीएम अजीत पवार और देवेंद्र फडऩवीस के साथ रतन टाटा के आवास पर उनका सम्मान किया। यह सम्मान रतन टाटा और टाटा समूह के देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया है। यह पुरस्कार महाराष्ट्र में काम करने वाले इंडस्ट्रियलिस्ट को दिया जाएगा।
सद्भावना दिवस पर शपथ
- सद्भावना दिवस पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के उपलक्ष में मनाया जाता है। वर्ष 2023 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 79वीं जयंती को मनाई जा रही हैं।
- सद्भावना दिवस मनाने का उद्देश्य भारत वासियों के बीच राष्ट्रीय एकता, शांति, स्नेह और सांप्रदायिक सद्भाव को प्रोत्साहित करना है।
- 40 वर्ष की उम्र में प्रधानमंत्री बनने वाले वे देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे। उनका कार्यकाल 1984-89 तक था।
- वर्ष 2023 में 20 अगस्त को रविवार होने के कारण 'सद्भावना शपथ' 18 अगस्त, 2023 को सभी सरकारी कार्यालयों में आयोजित की गई।
बेंगलुरू में देश के पहले थ्री-डी मुद्रित डाकघर का उद्घाटन
केंद्रीय रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 18 अगस्त, 2023 को बेंगलुरू के केम्ब्रिज ले-आउट में देश के पहले थ्री-डी मुद्रित डाकघर का उद्घाटन किया। 1,021 वर्ग फुट के क्षेत्र में फैले इस डाकघर को केवल 43 दिनों में तैयार किया गया। इसका निर्माण लार्सन एंड टुब्रो और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास ने किया है।
बाढ़ सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट राष्ट्र को समर्पित
केन्द्रीय विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह ने 18 अगस्त, 2023 को बिहार के बाढ़ में स्थित बाढ़ सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 660 मेगावाट इकाई को राष्ट्र को समर्पित किया।
अखिल भारतीय वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत 4 करोड़वें वृक्ष का रोपण
गृह मंत्रालय के अखिल भारतीय वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत 18 अगस्त, 2023 को सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में 4 करोड़वें वृक्ष का रोपण किया गया। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने यह वृक्ष रोपा। अखिल भारतीय वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत 5 करोड़ वृक्ष लगाने का संकल्प है।
अरुणाचल प्रदेश की निन्ना लेगो ने जीता 'एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज' 2022-23
18 अगस्त, 2023 को अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले से हाउस ऑफ मैकनोक की संस्थापक निन्ना लेगो ने 'एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज' 2022-23 जीत लिया।
देश को मिला छठा स्वदेशी युद्धपोत 'विंध्यगिरी'
17 अगस्त, 2023 को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने कोलकाता की हुगली नदी के तट पर देश के छठे स्वदेशी युद्धपोत विंध्यगिरी का जलावतरण किया। यह युद्धपोत भारतीय नौसेना द्वारा शुरू की गई परियोजना पी17ए का हिस्सा है। इस युद्धपोत का निर्माण कोलकाता की कंपनी गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड ने किया है। विंध्यगिरी में 35 अधिकारियों समेत 226 नौसैनिक तैनात हो सकते हैं। इस युद्धपोत के निर्माण में करीब 4,000 टन 249ए ग्रेड की एचआर शीट्स और प्लेट्स का उपयोग हुआ है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सुइट शक्ति लगा हुआ है। इसे डीआरडीओ ने विकसित किया है।
राष्ट्रपति ने 'मेरा बंगाल, व्यसन मुक्त बंगाल' अभियान का शुभारंभ किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 17 अगस्त, 2023 को राजभवन, कोलकाता में ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत 'मेरा बंगाल, व्यसन मुक्त बंगाल' अभियान का शुभारंभ किया।
ग्राहक संतुष्टि सूचकांक-2023
भोपाल पहले और उदयपुर दूसरे स्थान पर
हाल ही में जारी ग्राहक संतुष्टि सूचकांक-2023 की नॉन मेट्रो एयरपोर्ट की श्रेणी में देश के 56 घरेलू हवाई अड्डों में भोपाल (मध्यप्रदेश) का राजा भोज एयरपोर्ट प्रथम और उदयपुर (राजस्थान) का महाराणा प्रताप एयरपोर्ट दूसरा स्थान पर रहा। सूचकांक में भोपाल (मध्यप्रदेश) 4.99 और उदयपुर को 4.97 अंक मिले। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से ग्राहक संतुष्टि सूचकांक (कस्टमर सेटिस्फेक्शन सर्वे) 2013 में शुरू किया गया था। वर्ष में दो बार नॉन मेट्रो एयरपोर्ट में सर्वे कर सूचकांक जारी किया जाता है।
ग्राहक संतुष्टि सूचकांक में देश के टॉप 5 हवाई अड्डे क्रमश: इस प्रकार है-
1. भोपाल (मध्यप्रदेश) - 4.99
2. उदयपुर (राजस्थान) - 4.97
3. देहरादून (उत्तराखंड) - 4.96
4. भुंतर (हिमाचल), गग्गल कांगड़ा (हिमाचल) - 4.95
5. राजमुंद्रि (आंध्रप्रदेश), जम्मू (जम्मू कश्मीर) - 4.94
सरकारी अस्पतालों में फ्री आईवीएफ सुविधा उपलब्ध करवाने वाला पहला राज्य बना गोवा
15 अगस्त, 2023 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सरकारी अस्पतालों में बांझपन से पीडि़त लोगों को नि:शुल्क आईवीएफ सुविधा शुरू की है। गोवा सरकारी अस्पतालों में फ्री आईवीएफ सेवा शुरू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री ने गोवा मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) बाम्बोलिम में सहायक प्रजनन तकनीक (एआरटी) और अंतर्गर्भाशयी गर्भाधान (आईयूआई) के साथ इस फ्री आईवीएफ सुविधा का शुभारंभ किया।
नेहरू मेमोरियल संग्रहालय और पुस्तकालय का नाम अब
प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय
नई दिल्ली स्थित नेहरू मेमोरियल संग्रहालय का उद्घाटन 14 नवंबर, 1964 को तत्कालीन राष्ट्रपति एस. राधाकृष्णन ने किया था। अब इसे प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय के नाम से जाना जाएगा। भारत में अंग्रेजी सरकार ने वर्ष 1929-30 में एडविन लुटियंस के शाही राजधानी के हिस्से के रूप में इस भवन का निर्माण करवाया था। भारत में कमांडर-इन-चीफ का यह आधिकारिक निवास था। बाद में अगस्त 1948 में यह भवन स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का निवास बना। सन् 1964 में नेहरू की 75वीं जयंती पर इसे उनके नाम पर संग्रहालय में बदल दिया गया। 14 अगस्त, 2023 से केंद्र सरकार ने इसका नाम बदलकर प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय रख दिया है।
राजस्थान में मुख्यमंत्री नि:शुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना का शुभारंभ
प्रदेश में 15 अगस्त, 2023 को 77वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री नि:शुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से जुड़े परिवारों को प्रतिमाह राशन की दुकान से अन्नपूर्णा फूड पैकेट मिलेगा। इसमें एक-एक किलो चना दाल, चीनी एवं आयोडाइज्ड नमक, एक लीटर सोयाबीन रिफाइण्ड खाद्य तेल, 100-100 ग्राम मिर्च पाडडर एवं धनिया पाउडर तथा 50 ग्राम हल्दी पाउडर मिलेगा।
एयर इंडिया ने लॉन्च किया अपना नया लोगो
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने अपने लोगो की रिब्रांडिंग की है। 10 अगस्त, 2023 को एयर इंडिया के ब्रांड कलर, लोगो और अन्य चिह्नों के साथ नए लोगो को लॉन्च किया गया। दिसंबर 2023 की यात्राओं में यह लोगो नजर आने लगेगा।
विधानसभा में प्रस्ताव पारित... केरल बना 'केरलम'
केरल विधानसभा ने 9 अगस्त, 2023 को राज्य का नाम बदलकर 'केरलम' करने संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने रखा था। अब यह प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजा जाएगा जो संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी भाषाओं में केरल का नाम 'केरलम' करने पर निर्णय लेगी।
राजस्थान में आई-स्टार्ट इनोवेशन स्कूल हब की स्थापना की स्वीकृति
प्रदेश के विद्यार्थियों और युवाओं में इनोवेशन स्किल बढ़ाने और स्टार्टअप्स के लिए प्रोत्साहित करने के लिए राजस्थान में आई-स्टार्ट इनोवेशन स्कूल हब की स्थापना की जाएगी। यह स्कूल हब बीकानेर के महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय में स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 52.26 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति दी है।
राजस्थान में इंदिरा गांधी स्मार्ट फोन योजना लॉन्च
राजस्थान सरकार द्वारा महिलाओं को मुफ्त स्मार्टफोन देने के लिए इंदिरा गांधी स्मार्ट फोन योजना 10 अगस्त, 2023 को लॉन्च की गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस योजना के प्रथम चरण को शुरू किया इसके तहत विभिन्न वर्गों की 40 लाख महिलाओं को स्मार्टफोन उपलब्ध करवाया जाएगा।
राजस्थान में मिले शाकाहारी डायनासोर के सबसे पुराने जीवाश्म
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-रुड़की और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) को पश्चिमी भारत के थार रेगिस्तान में स्थित जैसलमेर में लंबी गर्दन वाले शाकाहारी डायनासोर के सबसे पुराने जीवाश्म मिले हैं। डायनासॉर की यह प्रजाति लगभग 16.7 करोड़ वर्ष पुरानी है जिसे थारोसॉरस इंडिकस नाम दिया गया है।
आज 7 अगस्त, 2023 से राजस्थान में 50 जिले
7 अगस्त, 2023 को ही 17 नए जिलों का उद्घाटन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्चुअली किया
5 अगस्त, 2023 को प्रकाशित नए जिलों की अधिसूचना आज 7 अगस्त, 2023 से हुई प्रभावी
राजीव गांधी ग्रामीण व शहरी ओलंपिक-2023 का शुभारंभ
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 5 अगस्त, 2023 को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजीव गांधी ग्रामीण व शहरी ओलंपिक-2023 का शुभारंभ किया। पूरे राज्य भर में होने वाले इन खेलों में करीब 60 लाख प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। इनमें 40 प्रतिशत महिलाएं हैं।
भारत के नंबर वन ग्रैंड मास्टर बने गुकेश डी
2023 में भारत के टॉप 5 ग्रैंड मास्टर
1. गुकेश डी - 2755.9
2. विश्वनाथन आनंद - 2754.0
3. विदित गुजराती - 2719.4
4. पेंतला हरिकृष्णा - 2711.1
5. आर प्रग्नानंदा - 2709.9
एनएचएआई ने लॉन्च किया 'राजमार्गयात्रा' ऐप
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने नेशनल हाईवे पर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 'राजमार्गयात्रा' ऐप लॉन्च किया है। ऐप की सहायता से राजमार्गों पर मौसम की रियल-टाइम स्थिति समेत नजदीकी टोल प्लाजा, पेट्रोल पंप, अस्पताल, होटल और अन्य जरूरी सेवाओं के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
करेंट अफेयर्स 2023 : भारत बना एशियाई चैंपियंस हॉकी ट्रॉफी-2023 विजेता
सर्वाधिक बार खिताब जीतने का रिकार्ड भी बनायाभारतीय पुरुष हॉकी टीम 12 अगस्त, 2023 को एशियाई चैंपियंस हॉकी ट्रॉफी-2023 का चैंपियन बनी। भारत ने चौथी बार यह खिताब जीतकर रिकॉर्ड बनाया है। फाइनल में भारत ने मलेशिया को 4-3 से हराया। इससे पूर्व भारत वर्ष 2011, 2016 और 2018 में एशियन चैंपियन बना था। पाकिस्तान 3 बार यह खिताब जीत चुका है।
करेंट अफेयर्स 2023 : विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत को मिला पहला गोल्ड
भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने भारत को विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में इतिहास का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। जर्मनी के बर्लिन में 4 अगस्त, 2023 को विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप-2023 में ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर और अदिति गोपीचंद स्वामी की भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने स्वर्ण पदक जीता। यह किसी भी वर्ग में तीरंदाजी विश्व चैंपियनशिप में भारत का पहला स्वर्ण है। भारत ने फाइनल में मेक्सिको को हराया।
करेंट अफेयर्स 2023 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार
महाराष्ट्र के तिलक स्मारक मंदिर ट्रस्ट की ओर से 1 अगस्त, 2023 को पुणे में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। तिलक स्मारक मंदिर ट्रस्ट द्वारा यह पुरस्कार 1983 में गठित किया गया था। यह पुरस्कार पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा और प्रणब मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह आदि को भी प्रदान किया जा चुका है।