शुक्रवार, 21 जून 2019

21 जून 2019 : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

आज का दिन : 21 जून 2019

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

(International Day of Yoga)


  • संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से सम्पूर्ण विश्व में प्रतिवर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।
  • योग दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को इस 5,000 साल पुरानी भारतीय शारीरिक मानसिक और आध्यात्मिक पद्धति के प्रति आकर्षित करना है। इस पद्धति का लक्ष्य मानव शरीर और मस्तिष्क में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
  • भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 सितम्बर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 69वें सत्र में दिए अपने पहले भाषण में योग दिवस मनाने का आह्वान किया था।
  • 11 दिसम्बर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्यों द्वारा 21 जून को 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' के रूप में मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई तथा 21 जून, 2015 को पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।
  • 21 जून वर्ष का सबसे लम्बा दिन होता है। इस दिन सूर्य का तेज सबसे अधिक होता है। प्रकृति के इसी रूप को सम्मान देते हुए इस दिन को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का निश्चय किया गया।
  • योग शब्द की उत्पत्ति संस्कृत के शब्द 'युज्' से हुई है, जिसका अर्थ समाधि, जोड़ या सामंजस्य है। योग एक समग्र अवधारणा है, जो कि शरीर, मन, भावना और ऊर्जा के स्तर पर काम करता है।
  • योग को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है : कर्म योग- जिसमें हम शरीर का उपयोग करते हैं; ज्ञान योग- जिसमें हम मन का उपयोग करते हैं; भक्ति योग- जिसमें हम भावनाओं का उपयोग करते हैं तथा क्रिया योग- जहां हम ऊर्जा का उपयोग करते हैं।
  • प्राचीन काल में महर्षि पंतजलि ने उस समय के प्रचलित प्राचीन योग अभ्यासों को व्यवस्थित व वर्गीकृत करते हुए 'पातंजलयोगसूत्र' नामक ग्रन्थ की रचना की थी।
  • योग भारतीय सनातन संस्कृति के छह दर्शनों- 1. न्याय, 2. वैशेषिक, 3. सांख्य, 4. योग, 5. मीमांसा और  6. वेदान्त में से एक है।
  • वर्ष 2019 में देश में राष्ट्रीय स्तर का योग आयोजन झारखंड की राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान में आयोजित किया जा रहा है। जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं मौजूद रहेंगे। वर्ष 2015 का पहला राष्ट्रीय स्तर का योग कार्यक्रम राजधानी दिल्ली के राजपथ पर हुआ। दूसरा विश्व योग दिवस चंडीगढ़, तीसरा लखनऊ, चौथा देहरादून में आयोजित हुआ था।
  • केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री श्रीपद येसो नाइक के अनुसार वर्ष 2019 के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'योगा फॉर हार्ट' है। वहीं संयुक्त राष्ट्र के अनुसार वर्ष 2019 के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम/विषय Yoga for Climate Action रखा गया है।



योग पुरस्कार-2019

  • भारत सरकार का आयुष मंत्रालय प्रतिवर्ष 'योग प्रोत्साहन और विकास में असाधारण योगदान के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार' प्रदान करता है। दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून, 2016 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चंडीगढ़ में इस पुरस्कार की घोषणा की थी।
  • वर्ष 2019 के पांचवें योग पुरस्कार के लिए व्यक्तिगत राष्ट्रीय श्रेणी में गुजरात के लाइफ मिशन के स्वामी राजश्री मुनि, अंतरराष्ट्रीय व्यक्तिगत श्रेणी में इटली की एंटोनिएटा रोजी, राष्ट्रीय संगठन की श्रेणी में मुंगेर स्थित बिहार स्कूल ऑफ योग और अंतरराष्ट्रीय संगठन की श्रेणी में जापान योगा निकेतन का चयन किया गया है।

*अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2019 का विषय/थीम*

Yoga for Climate Action
*यह थीम संयुक्त राष्ट्र की ओर से घोषित की गई है।

Yoga for Heart
*यह थीम भारत के केंद्रीय आयुष मंत्री की ओर से घोषित की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें