आज का दिन : 12 जनवरी 2020
राष्ट्रीय युवा दिवस
(National Youth Day)
- आधुनिक भारत के चिंतक और युवा संन्यासी स्वामी विवेकानन्द की जयंती 12 जनवरी को ही राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाते हैं।
- संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 1985 को 'अंतरराष्ट्रीय युवा वर्ष' घोषित किया था। वर्ष 1985 में ही भारत सरकार ने भी स्वामी विवेकानन्द के जन्म दिवस 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की।
- संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रतिवर्ष 12 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। पहला अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस सन् 2000 में मनाया गया था।
- भारतीय नवजागरण के अग्रदूत स्वामी विवेकानन्द का जन्म 12 जनवरी सन् 1863 को कलकत्ता में हुआ था।
- स्वामी विवेकानन्द के बचपन का नाम नरेन्द्रनाथ दत्त था। वे रामकृष्ण परमहंस के शिष्य बने।
- संन्यासी के रूप में स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका के शिकागो में 11 सितंबर, 1893 को आयोजित विश्व धर्म संसद में जो भाषण दिया था उसकी प्रतिध्वनि युगों-युगों तक सुनाई देती रहेगी।
- स्वामी विवेकानन्द ने युवाओं को 'उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक कि अपने लक्ष्य तक न पहुंच जाओ' का प्रेरक मंत्र दिया।
- 1896 में विवेकानंद ने 'रामकृष्ण मिशन' की स्थापना की। मात्र 39 वर्ष की अवस्था में उन्होंने 4 जुलाई 1902 को बेलूर के रामकृष्ण मठ में उन्होंने ध्यानमग्न अवस्था में महासमाधि धारण कर प्राण त्याग दिए।
राष्ट्रीय युवा उत्सव
- भारत सरकार का युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय प्रतिवर्ष राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन करता है। प्रथम राष्ट्रीय युवा उत्सव 1995 में भोपाल में आयोजित किया गया था।
- राष्ट्रीय युवा उत्सव का उद्देश्य देश के युवाओं को मंच प्रदान करना है, ताकि उन्हें विभिन्न गतिविधियों द्वारा अपनी प्रतिभा पेश करने का अवसर दिया जा सके।
- 23वें राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 12 से 16 जनवरी, 2020 तक लखनऊ में होगा। इस राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन युवा मामलों और खेल मंत्रालय तथा उत्तर प्रदेश सरकार संयुक्त रूप से कर रहे हैं।
- 23वें राष्ट्रीय युवा उत्सव 2020 की थीम 'फिट यूथ फिट इंडिया' है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें