आज का दिन : 21 अप्रेल 2020
लोक सेवा दिवस
(Civil Services Day)
- लोक सेवा दिवस अथवा सिविल सेवा दिवस प्रतिवर्ष 21 अप्रेल को पूरे देश में मनाया जाता है।
- भारत सरकार ने सन् 2006 में लोक सेवा दिवस मनाने का निर्णय लिया।
- 21 अप्रेल को लोक सेवा दिवस मनाने का निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि इसी दिन स्वतंत्र भारत के प्रथम लोक सेवा सत्र को सरदार वल्लभ भाई पटेल ने नई दिल्ली के मेटकाफ हाउस में सम्बोधित किया था। सरदार पटेल ने उपस्थित लोकसेवकों को 'स्टील फ्रेम ऑफ इंडिया' कहकर सम्मानित किया था।
- लोक सेवा दिवस मनाने का उद्देश्य भारतीय प्रशासनिक सेवा, राज्य प्रशासनिक सेवा के सदस्यों द्वारा अपने आप को नागरिकों के लिए एक बार पुन: समर्पित और फिर से वचनबद्ध करना है। यह दिन सिविल सेवकों को बदलते समय की चुनौतियों के साथ भविष्य के बारे में आत्मनिरीक्षण और सोचने का अवसर प्रदान करता है।
- पहला लोक सेवा दिवस समारोह 21.04.2006 को विज्ञान भवन में आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री ने इस समारोह का शुभारंभ किया। सभी सिविल सेवाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारीगण इस समारोह में भाग लेते हैं ।
- लोक सेवा दिवस पर लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए लोक सेवकों को सम्मान-पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। प्रधानमंत्री पुरस्कार के रूप में यह तीन श्रेणियों में प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत, व्यक्रिगत रूप से या समूह के रूप में या संगठन के रूप में सभी अधिकारी इसके पात्र हैं। पुरस्कार में एक पदक, स्क्रॉल और 1 लाख रुपए की नकद राशि प्रदान की जाती है। एक समूह के मामले में कुल पुरस्कार राशि 5 लाख रुपए है, प्रति व्यक्ति अधिकतम 1 लाख रूपए का भागीदार होता है। किसी संगठन के लिए नकद राशि 5 रु लाख तक सीमित है।
- वर्तमान यानी सन् 2020 में कोरोना वायरस (कोविड-19) के कहर के चलते अभी तक लोक सेवा दिवस संबंधी सम्मान-पुरस्कार घोषित नहीं किए गए हैं। वहीं इस मौके पर होने वाले समारोह का आयोजन भी अनिश्चित है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें