शुक्रवार, 24 जून 2022

हिन्दी भाषा - अनुच्छेद प्रश्न व उत्तर-05

विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले अनुच्छेद/गद्यांश/गद्यावतरण (hindi passage) संबंधी अभ्यास प्रश्न

निम्नांकित गद्यावतरण को पढ़कर नीचे दिये गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए-

समस्याओं का हल ढूंढने की क्षमता पर एक अध्ययन किया गया। इसमें भारत में तीन तरह के बच्चों के बीच तुलना की गई, एक तरफ वे बच्चे जो दुकानदारी करते हैं स्कूल नहीं जाते, ऐसे बच्चे जो दुकान सँभालते हैं और स्कूल भी जाते हैं और तीसरा समूह उन बच्चों का था जो स्कूल जाते हैं, पर दुकान पर कोई मदद नहीं करते।
उनसे गणना के व इबारती सवाल पूछे गए। दोनों ही तरह के सवालों में उन स्कूली बच्चों ने जो दुकानदार नहीं हैं, मौखिक गणना या मनगणित का प्रयोग बहुत कम किया, बनिस्पत उसके जो दुकानदार थे। स्कूली बच्चों ने ऐसी गलतियाँ भी कीं, जिनका कारण नहीं समझा जा सका। इससे यह साबित होता है कि दुकानदारी से जुड़े हुए बच्चे हिसाब लगाने में गलती नहीं कर सकते क्योंकि इनका सीधा असर उनके काम पर पड़ता है, जबकि स्कूलों के बच्चे वही हिसाब लगाने में अक्सर भयंकर गलतियाँ कर देते हैं।
इससे यह स्पष्ट होता है कि जिन बच्चों को रोजमर्रा की जिंदगी में इस तरह के सवालों से जूझना पड़ता है, वे अपने लिए जरूरी गणितीय क्षमता हासिल कर लेते हैं।
लेकिन साथ ही इस बात पर भी गौर करना महत्वपूर्ण है कि इस तरह की दक्षताएँ एक स्तर तक और एक कार्य-क्षेत्र तक सीमित होकर रह जाती हैं। इसलिए वे सामाजिक व सांस्कृतिक परिवेश जो कि ज्ञान को बनाने व बढ़ाने में मदद करते हैं, वहीं उस ज्ञान को संकुचित और सीमित भी कर सकते हैं।

प्रश्न 1. समस्याओं का हल खोजने पर आधारित अध्ययन किस विषय से जुड़ा हुआ था?
(अ) भाषा
(ब) गणित
(स) सामाजिक विज्ञान
(द) दुकानदारी

प्रश्न 2. किन बच्चों ने सवाल हल करने में मौखिक गणना का ज्यादा प्रयोग किया?
(अ) जो सिर्फ स्कूल जाते हैं।
(ब) जो दुकानदारी करते हैं।
(स) जो स्कूली बच्चे दुकानदारी नहीं करते।
(द) जो बच्चे न तो दुकानदारी करते हैं और न ही स्कूल जाते हैं।

प्रश्न 3. अनुच्छेद के आधार पर कहा जा सकता है कि-
(अ) सिर्फ दुकानदार बच्चे ही गणित सीख सकते हैं।
(ब) बच्चों को गणित सीखना चाहिए।
(स) बच्चे रोजमर्रा के जीवन में काम आने वाली दक्षताओं को स्वत: ही हासिल कर लेते हैं।
(द) बच्चों को गणित सीखने के लिए दुकानदारी करनी चाहिए।

प्रश्न 4. दुकानदार बच्चे हिसाब लगाने में प्राय: गलती नहीं करते क्योंकि
(अ) गलती का असर उनके काम पर पड़ता है।
(ब) इससे उन्हें माता-पिता से डाँट पड़ेगी।
(स) वे जन्म से बहुत ही दक्ष हैं।
(द) वे कभी भी गलती नहीं करते।

प्रश्न 5. वे दक्षताएँ हमारे दैनिक जीवन में काम नहीं आती जिनमें हमारा प्रदर्शन अक्सर
(अ) खराब होता है।
(ब) अच्छा होता है।
(स) संतोषजनक होता है।
(द) खराब-अच्छा होता रहता है।

प्रश्न 6. अनुच्छेद के आधार पर बताइए कि सामाजिक व सांस्कृतिक परिवेश ज्ञान को
(अ) सीमित कर सकता है
(ब) संकुचित कर सकता है
(स) बनाने में मदद करता है
(द) बनाने में मदद भी करता है और उसे संकुचित, सीमित भी कर सकता है

प्रश्न 7. 'इक' प्रत्यय का उदाहरण है-
(अ) सांस्कृतिक
(ब) संकुचित
(स) चूँकि
(द) सीमित

प्रश्न 8. 'मनगणित' का अर्थ है-
(अ) कठिन गणित
(ब) मनगढ़ंत गणित
(स) मन-ही-मन हिसाब लगाना
(द) मनपसन्द गणित

प्रश्न 9. संयुक्त क्रिया का उदाहरण है-
(अ) दुकान सम्भालते हैं।
(ब) स्कूल जाते हैं।
(स) हिसाब लगाते हैं।
(द) अध्ययन किया गया।

उत्तर - 1. (ब), 2. (ब), 3. (स), 4. (अ), 5. (द), 6. (द), 7. (अ), 8. (स), 9. (द)


हिंदी अनुच्छेद/गद्यांश/गद्यावतरण (passage in hindi) संबंधी यह पैराग्राफ यूपीपीसीएस की ओर से आयोजित परीक्षा में पूछा गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें