विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले अनुच्छेद/गद्यांश/गद्यावतरण (hindi passage) संबंधी अभ्यास प्रश्न
निम्नांकित गद्यावतरण को पढ़कर नीचे दिये गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए-
मनु बहन ने पूरे दिन की डायरी लिखी, लेकिन एक जगह लिख दिया, 'सफाई वगैरह की'।
गाँधी जी प्रतिदिन डायरी पढ़कर उस पर अपने हस्ताक्षर करते थे। आज की डायरी पर हस्ताक्षर करते हुए गाँधी जी ने लिखा, ''कातने की गति का हिसाब लिखा जाए। मन में आए हुए विचार लिखे जाएँ। जो-जो पढ़ा हो, उसकी टिप्पणी लिखी जाए। 'वगैरह' का उपयोग नहीं होना चाहिए। डायरी में 'वगैरह' शब्द के लिए कोई स्थान नहीं है।''
जिसने जो पढ़ा हो, वह लिखा जाए। ऐसा करने से पढ़ा हुआ कितना पच गया है, यह मालूम हो जाएगा। जो बातें हुई हों, वे लिखी जाएँ। मनु ने अपनी गलती का अहसास किया और डायरी विद्या की पवित्रता को समझा।
गाँधीजी ने पुन: मनु से कहा, ''डायरी लिखना आसान कार्य नहीं है। यह इबादत करने जैसी विधा है। हमें शुद्ध व सच्चे रूप से प्रत्येक छोटी-बड़ी घटना को निष्पक्ष रूप से लिखना चाहिए चाहे कोई बात हमारे विरुद्ध ही क्यों न जा रही हो। इससे हममें सच्चाई स्वीकार करने की शक्ति प्रदान होती है।'' (गाँधी जी के रोचक संस्मरण)
प्रश्न 1. मनु को अपनी किस गलती का अहसास हुआ?
(अ) उन्होंने डायरी में सही-सही बातें लिखी थीं
(ब) मनु ने डायरी में कातने की गति का हिसाब लिखा था
(स) उन्होंने डायरी में 'वगैरह' शब्द का प्रयोग किया था
(द) उन्होंने गाँधीजी की बात नहीं मानी थी
प्रश्न 2. गाँधीजी ने 'वगैरह' शब्द पर अपनी आपत्ति क्यों जताई?
(अ) 'वगैरह' शब्द की जगह 'आदि' शब्द का प्रयोग सही है
(ब) 'वगैरह' शब्द में कार्य और विचार की स्पष्टता नहीं है।
(स) वे चाहते थे कि बातों को ज्यों-का-त्यों लिखा जाए।
(द) गाँधीजी चाहते थे कि सही भाषा का प्रयोग हो।
प्रश्न 3. गाँधीजी ने डायरी लिखने को इबादत करने जैसा क्यों कहा है?
(अ) दोनों कार्य हमारे कर्त्तव्य में शामिल है
(ब) दोनों कार्य रोज किए जाते हैं
(स) दोनों में समय लगता है
(द) दोनों में सच्चाई और ईमानदारी चाहिए।
प्रश्न 4. डायरी लिखना इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि
(अ) इसमें व्यक्ति स्वयं का विश्लेषण करता है और स्व-मूल्यांकन भी करता है
(ब) इसमें व्यक्ति पूरे दिन किए गए जमा-खर्च का हिसाब-किताब कर सकता है
(स) गाँधीजी इसे महत्वपूर्ण मानते हैं
(द) इससे व्यक्ति का समय अच्छा गुजर जाता है
प्रश्न 5. गाँधीजी प्रतिदिन डायरी पढ़कर क्या करते थे?
(अ) हस्ताक्षर करते थे क्योंकि यह नियम था
(ब) डायरी पर हस्ताक्षर करते थे और यह देखते थे कि व्यक्ति अपने कार्य और विचार में किस दिशा में जा रहा है
(स) हस्ताक्षर करते थे ताकि जाँच का प्रमाण दिया जा सके
(द) लोगों को उनकी गलती का अहसास कराते थे
प्रश्न 6. 'प्रतिदिन' शब्द में कौनसा समास है-
(अ) द्वन्द्व समास
(ब) तत्पुरुष समास
(स) द्विगु समास
(द) अव्ययीभाव समास
प्रश्न 7. 'पढ़ा हुआ कितना पच गया है' का अर्थ है
(अ) कितना सही उच्चारण के साथ पढ़ा है
(ब) पढ़े हुए का कितना विश्लेषण किया है
(स) पढ़ा हुआ कितना समझ में आया
(द) पढ़ा हुआ कितना आत्मसात किया
प्रश्न 8. 'कार्य' शब्द का तद्भव रूप बताइए-
(अ) कारज
(ब) काज
(स) काम
(द) सेवा
प्रश्न 9. 'विचार' में इक प्रत्यय लगाकर शब्द बनेगा-
(अ) विचारिक
(ब) वैचारीक
(स) विचौरिक
(द) वैचारिक
उत्तर - 1. (स), 2. (ब), 3. (द), 4. (अ), 5. (ब), 6. (द), 7. (द), 8. (स), 9. (द)
हिंदी अनुच्छेद/गद्यांश/गद्यावतरण (passage in hindi) संबंधी यह पैराग्राफ यूपीपीसीएस की ओर से आयोजित परीक्षा में पूछा गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें