गुरुवार, 15 सितंबर 2022

हिन्दी भाषा - अनुच्छेद प्रश्न व उत्तर-15

विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले अनुच्छेद/गद्यांश/गद्यावतरण (hindi passage) संबंधी अभ्यास प्रश्न

निम्नांकित गद्यावतरण को पढ़कर नीचे दिये गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए-
जिन्होंने भी बच्चों को पढ़ाने की कोशिश की है- चाहे वे माता-पिता हों या शिक्षक उनके खाते में सफलता के साथ-साथ असफलता और निराशा भी दर्ज होती हैं। ऐसे में एक सवाल उठता है कि आखिर इतना मुश्किल क्यों है पढ़ाना?
एक मुख्य समस्या तो यह है कि पढ़ाने वालों का विश्वास बच्चों की क्षमताओं या योग्यताओं पर काफी कम होता है। यह बात मैं यूं ही नहीं कह रही बल्कि एक अभिभावक, एक शिक्षक और एक शिक्षक प्रशिक्षक होने के आधार पर कर रही हूँ।
कई बार मैं उस पाठ को लेकर बच्चों (दूसरी, तीसरी या फिर पाँचवीं के) के सामने खड़ी होती हूँ जो मुझे उन्हें पढ़ाना है। मेरे पास कुछ जानकारी है जो बच्चों को देना चाहती हूँ। लेकिन मैं यह जानकारी उन्हें क्यूँ देना चाहती हूँ। क्योंकि मुझे लगता है कि वे इसके बारे में नहीं जानते; इसे जानने में उन्हें मजा आएगा। यह दुनिया के बारे में उनके नजरिए को विस्तृत करने में मदद करेगी, यह उन्हें बेहतर इन्सान बनने में मदद करेगी, भले ही थोड़ा-सा।
लेकिन कभी-कभार पढ़ाना शुरू करने से पहले ही मेरे दिमाग में यह ख्याल बुदबुदाना शुरू कर देता है कि शायद उन्हें वह पहले से ही मालूम हो जो मैं उन्हें बताना चाहती हूँ। तो उन्हें कुछ बताने की बजाए मैं उनके सामने सवाल रख देती हूँ। 

प्रश्न 1. लेखिका को कौनसा ख्याल परेशान करता है?
(अ) जो हम पढ़ाने जा रहे हैं कहीं बच्चे उनके विषय में पहले से ही तो नहीं जानते
(ब) बच्चों को भला इन्सान कैसे बनाया जाए
(स) बच्चों को सही तरीके से कैसे पढ़ा जाए
(द) बच्चों रोचक तरीके से कैसे पढ़ाया जाए

प्रश्न 2. अनुच्छेद में किस मुख्य समस्या की बात की गई है?
(अ) छोटी कक्षाओं को पढ़ाना
(ब) पढ़ाना अपने आप में बहुत मुश्किल काम है
(स) बच्चों की योग्यता में विश्वास नहीं किया जाता
(द) शिक्षक अच्छी तरह से पढ़ाते नहीं है

प्रश्न 3. बच्चों को पढ़ाने से पहले स्वयं से सवाल पूछना क्यों जरूरी है?
(अ) इससे न पढ़ाने के लिए तार्किक आधार मिल जाता है
(ब) इससे पाठ्यक्रम जल्दी खत्म हो जाता है
(स) यह पढ़ाने के उद्देश्य और तरीके निर्धारित करने में मदद करता है
(द) ताकि हम बच्चों से भी 'क्यों' वाले सवाल पूछ सके

प्रश्न 4. अनुच्छेद में यह संकेत किया गया है कि-
(अ) शिक्षक, अभिभावक पढ़ाना नहीं जानते
(ब) बच्चे खेल-खेल में जल्दी सीखते हैं
(स) बच्चे सारे सवालों के जवाब दे सकते हैं
(द) बच्चे बहुत कुछ जानते हैं

प्रश्न 5. किस शब्द में उपसर्ग और प्रत्यय- दोनों का प्रयोग हुआ है?
(अ) नम्रता
(ब) असफलता
(स) योग्यताओं
(द) क्षमताओं

प्रश्न 6. 'आखिर इतना मुश्किल क्यों है पढ़ाना?' वाक्य को यदि हिन्दी की सामान्य वाक्य-रचना के अनुसार लिखा जाए तो वाक्य होगा-
(अ) आखिर पढ़ाना इतना मुश्किल क्यों है?
(ब) इतना मुश्किल क्यों है पढ़ाना आखिर?
(स) पढ़ाना इतना मुश्किल क्यों है आखिर?
(द) आखिर पढ़ाना मुश्किल क्यों है इतना?

उत्तर - 1. (अ), 2. (स), 3. (स), 4. (द), 5. (ब), 6. (अ)


हिंदी अनुच्छेद/गद्यांश/गद्यावतरण (passage in hindi) संबंधी यह पैराग्राफ यूपीपीसीएस की ओर से आयोजित परीक्षा में पूछा गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें