शनिवार, 20 जनवरी 2018

07 दिसंबर, 2017 के समसामयिक समाचार

यूनेस्को ने कुंभ मेले को 'मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर' की सूची में शामिल किया

संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) ने हिन्दुओं की धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र कुंभ मेले को 'मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर' की सूची में शामिल किया है। यह फैसला जेजू (दक्षिण कोरिया) में हुई बैठक में हुआ। कुंभ मेले को बोस्तवाना, कोलंबिया, वेनेजुएला, मंगोलिया, मोरक्को, तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात की धरोहरों के साथ सूची में शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस सूची में योग और नवरोज को पहली ही जगह मिल चुकी है।
इसी सूची में इटली के नेपल्स शहर में पिज्जा बनाने के तरीके को यूनेस्को ने विश्व की सांस्कृतिक धरोहर में शामिल किया है। इसे 'पिज्जाइउलो' कहा जाता है। इसमें पिज्जा के लिए बनाई गई रोटी पहले हवा में लहराई जाती है। फिर इसे लकड़ी के ओवन में बेक किया जाता है।

ऑस्ट्रेलियाई संसद ने समलैंगिक विवाह बिल पर मुहर लगाई

ऑस्ट्रेलियाई संसद ने समलैंगिक कानून पर मुहर लगा दी है। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया दुनिया के उन चुनिंदा 20 से ज्यादा देशों में शामिल हो गया है, जहां समलैंगिक कानूनी रूप से शादी कर सकते हैं।

ऑस्ट्रेलियन एकेडमी ऑफ सिनेमा एंड टेलीविजन आर्ट्स में सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुनी गई 'दंगल'

पहलवान महावीर सिंह फोगाट के जीवन पर आधारित फिल्म 'दंगल' को सातवें ऑस्ट्रेलियन एकेडमी ऑफ सिनेमा एंड टेलीविजन आट्र्स (आक्टा) में सर्वश्रेष्ठ एशियाई फिल्म का पुरस्कार दिया गया है। फिल्म हरियाणा राज्य के महावीर सिंह द्वारा अपनी दो पुत्रियों गीता और बबीता को देश की विश्वस्तरीय महिला पहलवान बनाने पर आधारित है। फिल्म में मुख्य किरदार आमिर खान ने निभाया है।

नई दिल्ली के जनपथ पर डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबडेकर की स्मृति में नई दिल्ली के जनपथ स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर (डीएआईसी) का उद्घाटन किया। इसका निर्माण लगभग 192 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। डीआईएसी को एक उत्कृष्ट केंद्र में विकसित करने के लिए इस भवन को एक वृहत पुस्तकालय, तीन अत्याधुनिक सभागारों, बैठने की अलग-अलग क्षमता वाले तीन सम्मेलन कक्षों और प्रदर्शनी क्षेत्रों से सुसज्जित किया गया है।
डीआईएसी की आधारशिला 20 अप्रेल साल 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी। यह सेंटर अपने तय समय से दो महीने पहले ही बनकर तैयार हो गया है।

जामिया मिलिया इस्लामिया विवि को मिला ब्रिक्स प्रोजेक्ट अवार्ड

जामिया मिलिया इस्लामिया विवि के सेंटर फॉर नैनो साइंस और नैनोटेक्नोलॉजी को अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स प्रोजेक्ट अवार्ड 2017-18 मिला है। ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) के विभिन्न संस्थानों में विभिन्न क्षेत्रों में शोध और नवोन्मेषी प्रयोगों के लिए ब्रिक्स प्रोजेक्ट किया जा रहा है। इसी कड़ी में यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें