रविवार, 21 जनवरी 2018

08 दिसंबर, 2017 के समसामयिक समाचार

भारत की कंचनमाला पांडे ने वर्ल्ड पैरा स्वीमिंग में जीता स्वर्ण पदक, पहली भारतीय बनीं

मैक्सिको सिटी में आयोजित वर्ल्ड पैरा स्वीमिंग चैंपियनशिप में भारत की कंचनमाला पांडे ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। टूर्नामेंट के 27 साल में स्वर्ण पदक जीतने वाले वे पहली भारतीय हैं। महाराष्ट्र की इस ब्लाइंड स्विमर ने 200 मीटर मिडले इवेंट की एस-11 श्रेणी में यह पदक जीता।

केके बिरला फाउंडेशन का 'व्यास सम्मान' ममता कालिया को

हिंदी की प्रसिद्ध कथाकार ममता कालिया को उनके उपन्यास 'सुक्खम दुक्खम' के लिए वर्ष 2017 का '27वां व्यास सम्मान' देने की घोषणा की गई। यह उपन्यास सन् 2009 में प्रकाशित हुआ था। साहित्य अकादमी के अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद तिवारी की अध्यक्षता में हुई चयन समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया।

व्यास सम्मान

भारतीय साहित्य जगत में 'ज्ञानपीठ पुरस्कार' के बाद 'व्यास सम्मान' दूसरा सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार है। 10 वर्षों में प्रकाशित हिंदी कोई भी साहित्यिक कृति इस पुरस्कार की पात्र हो सकती है। यह केके बिरला फाउंडेशन द्वारा सन् 1991 में शुरू किया गया था। पुरस्कार के तहत सम्मान स्वरूप 3 लाख रुपए प्रदान किए जाते हैं।

वासेनार व्यवस्था का 42वां सदस्य बना भारत

भारत को बहुपक्षीय निर्यात नियंत्रण व्यवस्था 'वासेनार अरेंजमेंट' (Wassenaar Arrangement) की सदस्यता मिल गई है। भारत इस व्यवस्था का 42वां सदस्य बना है। वासेनार की इस पूर्ण बैठक की अध्यक्षता फ्रांस के राजदूत जीन लुइस फाल्कोनी ने की। जापान और फ्रांस भारत की सदस्यता के लिए सह प्रतिवेदक बने।
वासेनार व्यवस्था का उद्देश्य परंपरागत हथियारों और दोहरे उपयोग वाले वस्तु और प्रौद्योगिकी के निर्यात पर नियंत्रण करना है। इसकी सदस्यता मिलने के बाद भारत को एनएसजी (परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह) में शामिल होने की राह सुगम हो गई है।

यूरोपीय संघ और ब्रिटेन में 'ब्रेक्जिट' पर ऐतिहासिक समझौता

यूरोपीय संघ (ईयू) से अलग होने के नियम पर ब्रिटेन और ईयू के बीच समझौता हो गया है। इसके तहत ब्रिटेन ने ईयू से अलग होने के बदले डिवोर्स बिल के तहत करीब 45 (करीब 3,408 अरब रुपये) से 55 अरब यूरो (करीब 4165 अरब रुपये) देने की बात कही है। साथ ही अपने यहां रह रहे करीब 30 लाख यूरोपीय नागरिकों के हितों की रक्षा का वादा भी किया है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने कहा कि समझौते का महत्वपूर्ण हिस्सा यह सुनिश्चित करना था कि 29 मार्च, 2019 को यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के हटने के बाद ब्रिटिश-शासित उत्तरी आयरलैंड और ईयू के सदस्य आयरलैंड की सीमाओं के बीच फिर कोई चौकी (चेकप्वाइंट) नहीं बनाई जाएगी। वह बोलीं, 'हम यह विश्वास दिलाते हैं कि उत्तरी आयरलैंड में कोई हार्ड बॉर्डर (पूर्ण सीमा) नहीं होगा और ब्रिटेन 1998 के गुड फ्राइडे शांति समझौते के मुताबिक ही चलेगा।'

विश्व महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता-2018 की मेजबानी करेगा भारत

भारत में वर्ष 2018 में सीनियर विश्व महिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने इसकी घोषणा की। वर्ष 2021 में होने वाली सीनियर पुरुष बॉक्सिंग चैंपियनशिप की मेजबानी भी भारत को ही मिली है।

टाटा स्टील को 10वीं बार 'सर्वश्रेष्ठ इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट' के लिए प्रधानमंत्री ट्रॉफी

टाटा स्टील लिमिटेड को वर्ष 2014-15 और 2015-16 के लिए 'सर्वश्रेष्ठ इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट' के लिए प्रधानमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। यह 10वीं बार है जब टाटा स्टील ने यह ट्रॉफी जीती है। इसके साथ ही दो बार उत्कृष्टता का प्रमाण पत्र भी जीता है। इस पुरस्कार की स्थापना सन् 1992-93 में की गई थी। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने हैदराबाद में आयोजित एक समारोह में टाटा स्टील के प्रेसीडेंट (टीक्यूएम एंड स्टील बिजनेस) आनंद सेन और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर. रवि प्रसाद को यह पुरस्कार सौंपा।
टाटा स्टील को यह पुरस्कार आधुनिक टेक्नोलॉजी अपनाने, सुरक्षा संस्कृति को आत्मसात करने और विश्वस्तरीय संयंत्र वातावरण के सृजन के लिए प्रदान किया गया है।

दिल्ली सरकार ने रद्द किया मैक्स अस्पताल का लाइसेंस

दिल्ली सरकार ने शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल का लाइसेंस रद्द कर दिया है। यह कार्रवाई एक जीवित नवजात को मृत बताकर परिजनों को सौंपने के मामले में की गई है। दिल्ली स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अस्पताल को आपराधिक लापरवाही बरतने का दोषा पाया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें