मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा का स्थापना दिवस
(Meghalya, Manipur and Tripura Foundation Day)
मेघालय
पूर्व का स्कॉटलैंड कहे जाने वाले मेघालय में सन् 1765 तक खासी जनजाति के 25 छोटे राज्य थे। इस पहाड़ी राज्य में खासी, जयंतिया व गारो आदिवासी समुदाय के लोग रहते हैं। सन् 1956 में राज्य पुनर्गठन योजना के तहत इसे अलग राज्य की मांग उठी। इसके बाद 1960 में ऑल पार्टी हिल लीडर्स कांफ्रेंस का गठन करके शांतिपूर्ण आंदोलन चलाया गया। वर्ष 1970 में असम के पहाड़ी जिलों को स्वायत्त राज्य का दर्जा दिया गया। इसके बाद 21 जनवरी, 1972 को पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान किया गया। मेघालय की उत्तरी और पूर्वी सीमाएं असम से और दक्षिणी तथा पश्चिमी सीमाएं बांग्लादेश से मिलती हैं। मेघालय का शाब्दिक अर्थ है- 'मेघों का आलय' अर्थात 'बादलों का घर'। मेघालय का क्षेत्रफल 22,429 वर्ग किलोमीटर है। इसकी राजधानी शिलांग है। प्रदेश में कुल 11 जिले हैं। सन् 2011 की जनगणना के अनुसार राज्य की कुल जनसंख्या 29,66,889, लिंगानुपात- 989/1000 पुरुष पर, साक्षरता दर-74.4 प्रतिशत और जनसंख्या घनत्व- 132 व्यक्ति प्रति वर्ग किमी. है। प्रदेश की मुख्य भाषाएं गारो, खासी एवं अंग्रेजी है। मेघालय का राज्य पशु भालू बिल्ली और राज्य पक्षी पहाड़ी मैना है। विश्व में सर्वाधिक वर्षा वाला स्थान मासिनराम इसी राज्य में है। विधानसभा में सदस्य 60 हैं, वहीं राज्यसभा के लिए एक, लोकसभा के लिए दो सदस्यों का निर्वाचन होता है।मणिपुर
भारत के पूर्वी राज्य मणिपुर में सन् 33 में पारवंगा ने यहां एक राजवंश की स्थापना की। इस राजवंश का यहां 1891 तक शासन रहा। इसके बाद यह ब्रिटिश शासन के अधीन रहा। इसे 15 अक्टूबर, 1949 को भारत संघ में भाग 'ग' के राज्य के रूप में शामिल किया गया। इसके बाद 1957 में एक प्रादेशिक परिषद गठित की गई। केन्द्र शासित प्रदेश अधिनियम के तहत 1963 में तीस चयनित एवं तीन मनोनीत सदस्यों की विधानसभा स्थापित की गई। 21 जनवरी, 1972 को मणिपुर को पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान किया गया। इसमें कुल 9 जिले हैं।मणिपुर राज्य के उत्तर और दक्षिण में मिजोरम, पश्चिम में असम, और पूर्व में अन्तर्राष्ट्रीय सीमा से म्यांमार लगा हुआ है। मणिपुर का क्षेत्रफल 22,327 वर्ग किलोमीटर और राजधानी इम्फाल है। सन् 2011 की जनगणना के अनुसार इस राज्य की जनसंख्या 25,70,390, लंगानुपात- 992/1000 पुरुष पर, साक्षरता दर- 79.2 प्रतिशत और जनसंख्या घनत्व- 115 व्यक्ति प्रति वर्ग किमी. है। प्रदेश की मुख्य भाषा मणिपुरी और अंग्रेजी है। मणिपुर का राज्य पशु थामिन मृग और राज्य पक्षी मिसिस हूमेस तीतर है। विधानसभा 60 सदस्यीय है तथा राज्यसभा के लिए एक एवं लोकसभा के लिए दो सदस्य चुने जाते हैं।
त्रिपुरा
भारत के इस तीसरे सबसे छोटे राज्य का उल्लेख महाभारत और पुराणों में भी मिलता है। 19वीं शताब्दी में महाराजा वीरचंद्र किशोर माणिक्य बहादुर के शासन काल में आधुनिक त्रिपुरा का सूत्रपात हुआ। त्रिपुरा पर वीरचंद्र के उत्तराधिकारियों ने 15 अक्टूबर, 1949 तक राज्य किया। राज्य पुनर्गठन अधिनियम 1956 के तहत इसे संघ शासित क्षेत्र घोषित किया गया। बाद में 21 जनवरी, 1972 को इसे पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान किया गया।त्रिपुरा की राजधानी अगरतला है। इसका क्षेत्रफल 10,486 वर्ग किलोमीटर है। सन् 2011 की जनगणना के अनुसार जनसंख्या 36,73,917, जनसंख्या घनत्व- 350 व्यक्ति प्रति वर्ग किमी., साक्षरता दर 87.2 प्रतिशत, लिंगानुपात- 960/1000 पुरुष पर हैं। त्रिपुरा की प्रमुख भाषाएं बांग्ला, मणिपुरी, काकबराक हैं। त्रिपुरा में कुल 4 जिले हैं। त्रिपुरा का राज्य पशु फेरीज पर्णवानर और राज्य पक्षी हरा कबूतर है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें