रविवार, 8 मार्च 2026

8 मार्च 2026 : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

(International Women's Day)

आज का दिन : 8 मार्च 2026
  • प्रतिवर्ष 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।
  • विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा अर्जित की गई उपलब्धियों को सम्मान देने और उनके प्रति सम्मान, प्रशंसा और समानता का भाव प्रकट करने के लिए संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रतिवर्ष 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women's Day) मनाया जाता है।
  • संयुक्त राष्ट्र संघ ने सन् 1975 को 'अंतरराष्ट्रीय महिला वर्ष' के रूप में मनाया था। इसे मनाने के दौरान प्रतिवर्ष 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने की घोषणा की गई थी।
  • इससे पहले 28 फरवरी, 1909 को संयुक्त राज्य अमेरिका में पहला राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया।
  • 19 मार्च, 1911 में ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, जर्मनी और स्विट्जरलैंड में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया।
  • सन् 1917 में रूसी महिलाओं ने ऐतिहासिक हड़ताल की। रोटी और शांति की मांग को लेकर की गई इस हड़ताल के बाद जार (रूसी राजा) ने महिलाओं को वोटिंग का अधिकार दिया। यह हड़ताल जूलियन कैलेंडर के अनुसार फरवरी के आखिरी रविवार को थी। आज सम्पूर्ण विश्व में प्रचलित ग्रेगेरियन कैलेंडर में यह तारीख 8 मार्च है।
  • विश्व के अनेक देशों में इस दिन सार्वजनिक अवकाश रहता है। कुछ देशों में इस दिन महिलाओं के लिए अवकाश रहता है।
  • विश्व के कुछ देशों में इस दिन को मातृ दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
  • वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र संघ ने लैंगिक समानता (Gender Equality) को लेकर 'ग्रह 50-50 सन् 2030' (Planet 50-50 by 2030) नाम से अभियान चला रखा है।

भारत में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

  • भारत में भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस व्यापक स्तर पर मनाया जाता है। अनेक राज्य सरकारें इस दिन महिलाओं को विशेष सहूलियतें देती हैं। जैसे रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा आदि। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की ओर से केंद्रीय संरक्षित स्मारकों व संग्रहालयों और पुरातत्व स्थलों पर विदेशी और भारतीय महिला आगंतुकों को निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय ने वर्ष 2019 के महिला दिवस से यह पहल शुरू की थी।
  • भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 8 मार्च 2026 को ‘शक्ति वॉक #SheLeadsBharat’ शीर्षक से एक महिला-नेतृत्व वाली वॉक का आयोजन किया गया।

नारी शक्ति पुरस्कार

  • भारत सरकार के महिला और बाल विकास मंत्रालय की ओर से प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर व्यक्तियों और संस्थानों द्वारा किये जाने वाले उत्कृष्ट योगदानों को मान्यतास्वरूप नारी शक्ति पुरस्कार (Nari Shakti Puraskar) प्रदान किये जाते हैं। ये पुरस्कार उन महिलाओं को दिए जाते हैं, जिन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महती कार्य किया हो। हालांकि अभी तक पुरस्कारों की घोषणा नहीं की गई है।

*अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2026 का विषय/थीम*

Rights. Justice. Action. For ALL Women and Girls

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें