सोमवार, 5 जून 2023

विश्व पर्यावरण दिवस 2023 की थीम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

विश्व पर्यावरण दिवस

(World Environment Day)

आज का दिन : 5 जून 2023

vishv-paryavarn-diwas-2023-ki-theme
विश्व पर्यावरण दिवस 2023 की थीम
Solutions to plastic pollution

  • प्रतिवर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है।
  • सन् 1973 से संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से प्रतिवर्ष 5 जून को 'विश्व पर्यावरण दिवस' मनाया जा रहा है।
  • दुनिया के 119 देशों ने 5 से 16 जून, 1972 तक स्वीडन के स्टाकहोम में पहले पर्यावरण सम्मेलन में भाग लिया और यह दिवस मनाने का निर्णय किया। इसी सम्मेलन से संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) का जन्म हुआ। 
  •  विश्व पर्यावरण दिवस दुनिया में पर्यावरणीय मुद्दों पर जागरुकता फैलाने और इसके प्रति राजनीतिक चेतना जगाने के लिए मनाया जाता है। इन मुद्दों में विषैला रासायनिक प्रदूषण, वन उन्मूलन और वैश्विक तापमान वृद्धि शामिल हैं। 1972 में शुरू हुआ यह आंदोलन आज एक विराट रूप ले चुका है। आमजन जागरुक है। लेकिन इस जागरुकता को और बढ़ाना होगा। 
  • यूएनईपी के तथ्यों के अनुसार महासागरों में प्रतिवर्ष 11 मिलियन टन कचरा प्रतिवर्ष बहाया जा रहा है। यह वर्ष 2040 तक तीन गुना हो सकता है। इस प्रदूषण के कारण 800 से अधिक समुद्री और तटीय प्रजातियां प्रभावित हो रही हैं। चक्रीय अर्थव्यवस्था यानी सर्कुलर इकोनॉमी से महासागरों में प्रवेश करने वाले प्लास्टिक की मात्रा में कमी आ सकती है। दुनिया में वर्जिन प्लास्टिक उत्पादन घटाकर वर्ष 2040 तक 70 बिलियन अमेरिकी डॉलर बचाए जा सकते हैं, ग्रीन हाउस गैसों में 25 प्रतिशत की कमी की जा सकती है और लगभग 7 लाख जॉब तैयार किए जा सकते हैं।
  • संयुक्त राष्ट्र की ओर से वर्ष 2021-2030 तक 'पारिस्थितिकी तंत्र बहाली पर संयुक्त राष्ट्र दशक' (Decade on Ecosystem Restoration) मनाया जा रहा है। पारिस्थितिकी तंत्र में खेत, जंगल, घास के मैदान, पहाड़, ताजे पानी के स्रोत और महासागर आदि शामिल हैं।
  • स्टाकहोम में हुए पहले पर्यावरण सम्मेलन को भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने भी संबोधित किया था। उन्होंने 'पर्यावरण की बिगड़ती स्थिति एवं उसका विश्व के भविष्य पर प्रभाव' विषय पर व्याख्यान दिया था।
  • विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण का महत्व समझाना और इसके क्षरण को रोकने के प्रति प्रेरित करना है।
  • पहले विश्व पर्यावरण दिवस की थीम 'केवल एक पृथ्वी' थी।


वर्ष 2023 के मेजबान देश कोट डी आइवरी

  • संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 के पर्यावरण दिवस के लिए 'प्लास्टिक प्रदूषण का समाधान' (Solutions to plastic pollution) को मुख्य विषय बनाया है और मुख्य आयोजन की मेजबानी कोट डी आइवरी (आइवरी कोस्ट) को सौंपी है। कोट डी आइवरी नीदरलैंड के सहयोग से इस आयोजन की मेजबानी करेगा।  संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की साझेदारी में कोट डी आइवरी और नीदरलैंड इस वैश्विक आयोजन को 'प्लास्टिक प्रदूषण का समाधान' की थीम पर आयोजित करेंगे।


भारत में मिशन लाइफ पर केंद्रित होगा विश्व पर्यावरण दिवस 2023

  • पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस-2023 मिशन लाइफ को केंद्र में रखते हुए मनाया जाएगा। LiFE (Lifestyle for the Environment) एक वैश्विक पहल है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2022 में विश्व पर्यावरण दिवस पर लॉन्च किया था। सबसे पहले प्रधानमंत्री ने वर्ष 2021 में ग्लासगो में 26वें संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (कॉप26) के दौरान प्रस्तुत किया था। लाइफ का अर्थ है पर्यावरण के लिए जीवन शैली।

भारत और पर्यावरण

  • भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही पर्यावरण को जनजीवन से जोड़ा गया है। पीपल, बरगद, तुलसी आदि जीवनदायी पेड़-पौधों को हमारी संस्कृति में उच्च स्थान मिला हुआ है।
  • भारत में पर्यावरण की सुरक्षा एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 19 नवंबर 1986 को पर्यावरण संरक्षण अधिनियम लागू हुआ।
  • पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में वर्ष 1987 से प्रतिवर्ष 'इंदिरा गांधी पर्यावरण पुरस्कार' प्रदान करता आ रहा है। ये पुरस्कार इंदिरा गांधी की जयंती 19 नवंबर को प्रदान किए जाते हैं। इंदिरा गांधी पर्यावरण पुरस्कार के तहत 'संगठन श्रेणी' में दो और व्यक्तिगत श्रेणी में 3 पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
  • यह भी ध्यान रखने योग्य है कि संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2018 के पर्यावरण दिवस के आयोजन की जिम्मेदारी भारत को सौंपी थी। देश में यह पांच दिवसीय आयोजन प्लास्टिक के प्रयोग से मुक्ति की थीम पर आधारित था। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को धीरे-धीरे कम करने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया था। वर्ष 2023 में भी पर्यावरण को प्लास्टिक से मुक्ति के लिए अभियान चलाया जा रहा है।


*विश्व पर्यावरण दिवस-2023 का विषय/थीम*

Solutions to plastic pollution

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें