गणतंत्र दिवस
(Republic Day)
आज का दिन : 26 जनवरी 2026
- प्रतिवर्ष देश में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है। यह हमारा राष्ट्रीय पर्व है।
- 26 जनवरी, 1950 को देश का संविधान लागू हुआ था, इसलिए यह दिवस पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसी दिन से हमारा देश सरकार के संसदीय रूप के साथ एक संप्रभुताशाली समाजवादी लोकतांत्रिक गणतंत्र के रूप दुनिया के सामने आया।
- राष्ट्र आज 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है।
- 26 जनवरी, 1950 को डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने भारत के प्रथम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली तथा 21 तोपों की सलामी के बाद 'इर्विन स्टेडियम' (अब मेजर ध्यानचंद स्टेडियम) में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगा' को फहराकर भारतीय गणतंत्र के ऐतिहासिक जन्म की घोषणा की थी।
- गणतंत्र दिवस पूरे देश में बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। सबसे बड़ा आयोजन नई दिल्ली में कर्तव्य पथ (पहले इसका नाम राजपथ था) पर आयोजित किया जाता है जिसमें देश की सांस्कृतिक विरासत के साथ ही सेना के तीनों अंग अपनी क्षमता का प्रदर्शन करते हैं। झांकियों का यह काफिला विजय चौक से शुरू होकर लाल किले तक जाता है। वर्ष 2022 से गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती 23 जनवरी पराक्रम दिवस से शुरू होकर 30 जनवरी शहीद दिवस तक मनाया जाता है।
- हर वर्ष गणतंत्र दिवस के इस महा उत्सव में किसी दूसरे देश का कोई मेहमान बुलाया जाता है। गणतंत्र दिवस के 77वें महाउत्सव में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि हैं। आजादी के बाद पहले गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुकर्णो थे।
- 77वें गणतंत्र दिवस समारोह संविधान लागू होने के 76 वर्ष पूरे होने पर केंद्रित है। कर्तव्य पथ परेड में राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों व विभिन्न मंत्रालयों/विभागों की 30 झांकिया भाग लेंगी।
- 29 जनवरी को विजय चौक पर बीटिंग द रिट्रीट का आयोजन किया जाता है जिसमें तीनों सेनाओं का बैंडवादन होता है। इसके बाद औपचारिक रूप से समारोह का समापन होता है। शाम ठीक 6 बजे राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज उतार लिया जाता है। इसके बाद औपचारिक रूप से गणतंत्र दिवस समारोह का समापन होता है।
- गणतंत्र दिवस पर सभी मुख्य सरकारी इमारतों संसद भवन, राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट, केंद्रीय सचिवालय आदि को रोशनी से सजाया जाता है। इस दिन देश में राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया गया है।
*गणतंत्र दिवस-2026 का विषय/थीम*
वंदे मातरम् के 150 वर्ष
150 years of Vande Mataram
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें