विश्व सिंह दिवस
(World Lion Day)
आज का दिन : 10 अगस्त, 2024
- प्रतिवर्ष 10 अगस्त को विश्व सिंह दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस मनाने का उद्देश्य लुप्त होती इस प्रजाति के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है।
- विश्व शेर दिवस मनाने की शुरुआत बिग कैट रेस्क्यू द्वारा की गई थी।
- जंगल का राजा कहा जाने वाला यह जीव भारत में मुख्य रूप से गुजरात के गिर अभयारण्य में पाया जाता है। तीन हजार वर्ग किमी में फैला यह नेशनल पार्क एशियाई शेरों का घर कहा जाता है। वर्तमान में देश में ग्रेटर गिर अवधारणा पर काम हो रहा है। इसके तहत पारंपरिक गिर राष्ट्रीय उद्यान और अभयारण्य के अलावा भी शेरों के लिए अतिरिक्त उपयुक्त आवास विकसित किए जा रहे हैं। शेरों के संरक्षित क्षेत्र नेटवर्क का विस्तार करने के लिए गिरनार, पनिया और मिटियाला जैसे अभयारण्यों को अधिसूचित किया गया है।
- शेर को इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर की रेड लिस्ट में लुप्त होती प्रजाति के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
- देश में शेरों की पहली गणना 1936 में जूनागढ़ रियासत के नवाब ने करवाई थी। इसके बाद वन विभाग ने सन् 1965 में गणना करवाई। यह गणना प्रति पांच वर्ष में की जाती है। 1990 की गणना में 284 शेर थे, वहीं 2020 में हुई गणना में इनकी संख्या 674 हो गई है।
प्रोजेक्ट लायन
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त, 2020 को 'प्रोजेक्ट लायन' की शुरुआत की थी। इस महत्वपूर्ण पहल का मुख्य उद्देश्य एशियाई शेरों के संरक्षण करना है। इसके तहत एक स्थायी वातावरण बनाना है ताकि शेरों की संख्या में वृद्धि हो और पारिस्थितिकी तंत्र में उनका योगदान हो सके। परियोजना के तहत शेरों के आवास में सुधार, रेडियो कॉलिंग और कैमरा ट्रैप जैसी उन्नत तकनीकों के माध्यम निगरानी करना और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकना शामिल है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें