रविवार, 29 अक्टूबर 2017

हॉकी : भारत ने अमेरिका को 22-0 से हराया


भारतीय जूनियर हॉकी पुरुष टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सातवें सुल्तान जोहोर कप हॉकी टूर्नामेंट के एक मैच में अमेरिकी टीम को 22-0 से हरा दिया। यह गोल के अंतर से भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। भारत ने अमेरिका को ही 1932 के लास एंजिलिस के ओलंपिक में 24-1 के विशाल अंतर से हराया था। उस समय टीम के कप्तान मेजर ध्यानचंद थे। एशिया कप में भारत ने श्रीलंका को 20-0 से हराया था। अब जोहोर कप में जूनियर टीम को मिली यह कामयाबी दूसरी सबसे बड़ी जीत बन गई है।
अमेरिका से हुए इस एकतरफा मुकाबले में हरमनजीत सिंह ने 5, अभिषेक ने 4,  विशाल अंतिल और दिलप्रीत सिंह ने 3-3, मनिंदर सिंह ने 2 और प्रताप लकड़ा, रबिचंद्र मोइरंगदेम, रोशन कुमार, शैलानंद लकड़ा व विवेक प्रसाद ने 1-1 गोल किया। इस ऐतिहासिक जीत की उपलब्धि पाने वाली जूनियर भारतीय हॉकी टीम के कप्तान विवेक सागर प्रसाद हैं।
सुल्तान जोहोर कप पुरुष हॉकी टूर्नामेंट है। यह अंडर 21 आयु वर्ग के खिलाडिय़ों की प्रतियोगिता है। सातवें सुल्तान जोहोर कप हॉकी में 6 टीमें- भारत, अमेरिका, ग्रैट ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, जापान और मेजबान मलेशिया भाग ले रही हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें