शनिवार, 28 अक्टूबर 2017

रोबोट 'सोफिया' को मिली सऊदी अरब की नागरिकता

आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को बढ़ावा देने के लिए सऊदी अरब ने 'सोफिया' नाम के रोबोट को नागरिकता प्रदान की है। ऐसा करने वाला सऊदी अरब दुनिया का पहला देश है। गत 25 अक्टूबर, 2017 को इस खाड़ी देश की राजधानी रियाद में 'फ्यूचर इनवेस्टमेंट इनीशिएटिव' कार्यक्रम में 85 देशों के निवेशकों के सामने इसकी घोषणा की गई। इस सम्मेलन को इस रोबोट ने भी संबोधित किया।

'सोफिया' का निर्माण हांगकांग की कंपनी 'हैनसन रोबोटिक्स' ने किया है। यह कंपनी इंसानों की तरह दिखने वाले और उन्हीं की तरफ काम करने वाले रोबोट तैयार करने के लिए प्रसिद्ध है। एक झलक में सोफिया हॉलीवुड की क्लासिक अभिनेत्री आड्री हेपबर्न की हूबहू प्रतिकृति दिखाई देती है। धातु के चंद टुकड़ों से बनी सोफिया 'ह्यूमनॉएड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रोबोट' है।
कार्यक्रम के दौरान सोफिया ने बिजनेस लेखक एंड्रयू रोस सोर्किन को इंटरव्यू भी दिया। उसने सवालों के जवाब के साथ ही कहा कि वह अच्छी जिंदगी के लिए मानवों की मदद करेगी। नागरिकता मिलने के बाद सोफिया ने स्टेज पर अंग्रेजी में कहा कि इस विशेष सम्मान को पाकर मैं बहुत गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। दुनिया में पहली बार किसी रोबोट को नागरिकता से पहचाना जाना ऐतिहासिक है।
सऊदी अरब के संस्कृति और सूचना मंत्रालय के तहत सेंटर फॉर इंटरनेशन कम्यूनिकेशन ने इसे एक ऐतिहासिक घटना बताया है और लोगों से अपील की है वो नई सऊदी नागरिक का स्वागत करें।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें