सोमवार, 20 नवंबर 2017

11 नवंबर, 2017 के समसामयिक समाचार

बांग्लादेश के पहले हिंदू चीफ जस्टिस सुरेंद्र कुमार सिन्हा ने पद त्यागा

बांग्लादेश के सुप्रीम कोर्ट के पहले हिंदू चीफ जस्टिस सुरेंद्र कुमार सिन्हा ने इस्तीफा दे दिया है। वे एक महीने से छुट्टी पर चल रहे थे। इससे पहले उन्होंने अपने एक फैसले में जजों के महाभियोग संबंधी संविधान संशोधन को रद्द कर दिया था। इसके बाद सरकार की उनसे ठन गई थी।

अगरतला एनआईटी ने ओलंपियन जिम्नास्ट दीपा कर्माकर को डी लिट् की मानद उपाधि दी

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, अगरतला (एनआईटी) के 10वें दीक्षांत समारोह में ओलंपियन जिम्नास्ट दीपा कर्माकर को डी लिट् की उपाधि प्रदान की गई। भारत की नंबर वन जिम्नास्ट दीपा रियो ओलंपिक की महिला वॉल्ट इवेंट में कांस्य पदक से चूक गई थीं। उनके इस अद्भुत प्रदर्शन ने देशवासियों का दिल जीत लिया था। एनआईटी ने गत वर्ष फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर को डी. लिट् की उपाधि दी थी।

पहली बार बिना पाकिस्तान की मदद के चाबहार के रास्ते अफगानिस्तान पहुंची भारतीय गेहूं की खेप

पहली बार बिना पाकिस्तान की मदद के भारतीय गेहूं अफगानिस्तान पहुंच गया है। त्रिपक्षीय सहयोग के तहत ईरान के चाबहार बंदरगाह होते हुए गेहूं की पहली खेप अफगानिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी नीमरूज प्रांत की राजधानी जरंज पहुंची। यह शहर ईरान-अफगानिस्तान सीमा के करीब और चाबहार से जुड़ा हुआ है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अफगानिस्तान के अपने समकक्ष सलाहुद्दीन रब्बानी के साथ इस खेप को 29 अक्टूबर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें