गुरुवार, 30 नवंबर 2017

16 नवंबर, 2017 के समसामयिक समाचार

62वीं राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती स्पर्धा : फोगाट बहनों ने जीते स्वर्ण पदक

इंदौर में 62वीं राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में फोगाट बहनों विनेश और ऋतु ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक जीते। रेलवे की ओर से खेलते हुए विनेश ने महिलाओं के 55 किग्रा भार वर्ग में हरियाणा की मनीषा को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं छोटी बहन ऋतु ने 50 किग्रा वर्ग में निर्मला को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता।

61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप : महिला ट्रैप स्पद्र्धा का खिताब शगुन चौधरी ने जीता

ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन लि. (ओएनजीसी) की ओर से खेलते हुए शगुन चौधरी ने नई दिल्ली में आयोजित 61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप की महिला ट्रैप स्पद्र्धा का खिताब जीत लिया है। उन्होंने फाइनल में पंजाब  की राजेश्वरी कुमारी को 41-38 से हराया। वहीं बिहार से खेल रहीं मौजूदा चैंपियन श्रेयसी सिंह तीसरे स्थान पर रहीं।
तमिलनाडु की एन निवेत्ता ने 37 का स्कोर कर ट्रैप स्पर्धा का जूनियर महिला का खिताब जीता। महिला टीम ट्रैप स्पर्धा का खिताब पंजाब ने जीता। पंजाब में टीम में राजेश्वरी कुमारी, सुखरीत कौर और इनाया विजय सिंह शामिल थीं।

कोलकाता की मिली बनर्जी बनीं ब्रिटेन की पुलिस संस्था की अध्यक्ष

भारतवंशी व्यवसायी मिली बनर्जी को ब्रिटेन में पुलिस की संस्था कॉलेज ऑफ पुलिसिंग का अध्यक्ष नियुिक्त किया गया है। 71 वर्षीय मिली का जन्म कोलकाता में हुआ था। बनर्जी ने समय-समय पर ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस समेत अन्य प्रमुख सरकारी और व्यावसायिक संगठनों का नेतृत्व किया है। बनर्जी को लोक सेवा सुधार के काम के लिए ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 2002 में सीबीई से सम्मानित किया था। वह अभी एनएचएस ब्लड एंड ट्रांसप्लांट की अध्यक्ष और ईस्ट लंदन एनएचएस फाउंडेशन ट्रस्ट के बोर्ड की सदस्य हैं। वह सात वर्षों तक ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस अथारिटी की अध्यक्ष रहीं।

केंद्रीय कैबिनेट ने 'राष्ट्रीय मुनाफाखोरी विरोधी प्राधिकरण' के गठन को मंजूरी दी

जीएसटी की दरों में कटौती का फायदा कम हुई कीमतों के रूप में ग्राहकों को मिले इसके लिए केन्द्र सरकार ने जीएसटी 'राष्ट्रीय मुनाफाखोरी विरोधी प्राधिकरण' के गठन को मंजूरी दी है। भारत सरकार में सचिव स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी इसका प्रमुख होगा। जबकि इसमें केंद्र और राज्यों से चार तकनीकी सदस्य होंगे। 

पंजाब नेशनल बैंक ने जीता 54वां जवाहरलाल नेहरू सीनियर हॉकी टूर्नामेंट

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की हॉकी टीम ने प्रतिष्ठित 54वां जवाहरलाल नेहरू सीनियर हॉकी टूर्नामेंट जीत लिया है। पीएनबी ने पहली बार यह खिताब जीता। दिल्ली के एमडीसी नेशनल स्टेडियम में पीएनबी की टीम ने पंजाब एंड सिंध बैंक को 3-0 से हराया।
पीएनबी की टीम लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचीं, लेकिन पिछली दोनों बार उसे उपविजेता बनना पड़ा। टीम के गगनदीप सिंह जूूनियर को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर और जसबीर सिंह को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।
उल्लेखनीय है कि पीएनबी ने हॉकी की प्रतिभाओं को तराशने के लिए सन् 2002 में हॉकी अकादमी की स्थापना की थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें