बैडमिंटन की विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचे किदांबी श्रीकांत
37 साल बाद कोई भारतीय पुरुष खिलाड़ी टॉप-2 में शामिल
साल में 4 सुपर सीरीज खिताब जीतने की उपलब्धि हासिल करने वाले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इससे पहले सन् 1980 में प्रकाश पादुकोण विश्व के नंबर एक खिलाड़ी बने थे। श्रीकांत के 73403 अंक हैं। डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसन 77930 अंकों के स्थान पहले स्थान पर हैं।
चेतेश्वर पुजारा प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सर्वाधिक दोहरे शतक बनाने वाले प्रथम भारतीय खिलाड़ी बने
12वां दोहरा शतक लगा विजय मर्चेंट का 71 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
सौराष्ट्र के चेतेश्वर पुजारा ने रणजी ट्रॉफी में झारखंड के खिलाफ 204 रन की पारी खेलकर अपना 12वां दोहरा शतक बनाया। वे प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सर्वाधिक दोहरे शतक लगाने वाले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड विजय मर्चेंट के नाम था, जिन्होने 1946 में 11वां दोहरा शतक बनाया था। दुनिया में सर्वाधिक दोहरे शतक ऑस्ट्रेलिया के सर डॉन ब्रेडमैन के नाम हैं, जिन्होंने अपने करियर में 37 दोहरे शतक जमाए।
पंजाब नेशनल बैंक 'विजिलेंस एक्सीलेंस अवार्ड 2017' से सम्मानित
सार्वजनिक क्षेत्र की पंजाब नेशनल बैंक को 'विजिलेंस एक्सीलेंस अवार्ड 2017' से सम्मानित किया गया है। सेंट्रल विजिलेंस कमीशन की ओर से सतर्कता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया है। उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू ने सतर्कता जागरुकता सप्ताह के अवसर पर आयोजित एक समारोह में पीएनबी को यह सम्मान प्रदान किया।
मॉरीशस में 183वें भारतीय आगमन दिवस में शामिल हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मॉरीशस में 183वें भारतीय आगमन दिवस में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने अप्रवासी घाट पर आगंतुक पुस्तिक में अपने उद्गार व्यक्त किए। उन्होंने उपस्थित अप्रवासी भारतीयों को उ.प्र. में अपने पूर्वजों की जन्मस्थली देखने के लिए आने का निमंत्रण दिया।
ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स में भारत 108वीं पायदान पर
भारत वल्र्ड इकोनॉमिक फोरम के ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स में 108वीं पायदान पर है। ग्लोबल जेंडर गैप रिपोर्ट 2017 के मुताबिक भारत पिछली बार की तुलना में 21 पायदान फिसल गया है। यह रैंकिंग चीन और बांग्लादेश से भी कम है। महिला व पुरुष पुरुषों के बीच खाई को पाटने के लिए वर्ष 2006 में ही इस इंडेक्स को शुरू किया गया था।
सेना ने जेसीओ के पद पर कार्यरत सैन्यकर्मियों को राजपत्रित अधिकारी माना
सेना मुख्यालय ने आधिकारिक नोट जारी करते हुए जूनियर कमीशंड ऑफिसर्स (जेसीओ) पद पर कार्यरत सैन्यकर्मियों को राजपत्रित अधिकारी माना है। इससे पूर्व मुख्यालय ने जेसीओ को अराजपत्रित अधिकारी माना था। सेना के इस कदम से 64000 से अधिक सैन्यकर्मियों को लाभ होगा। उल्लेखनीय है कि सेना में नायब सूबेदार, सूबेदार और सूबेदार मेजर स्तर पर कार्यरत जेसीओ की तीन श्रेणियां हैं।
सीमा सड़क संगठन ने लद्दाख में बनाई दुनिया की सबसे ऊंची सड़क
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने जम्मू-कश्मीर के लद्दाख में दुनिया की सबसे ऊंची सड़क बनाई है। प्रोजेक्ट हिमांक के तहत समुद्रतल से करीब 19300 फीट की ऊंचाई पर उमलिंगा टॉप पर 86 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई गई है। यह चीन और भारत के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा से सटे हैनले के पास है। यहां गर्मियों में तापमान शून्य से नीचे -10 से -20 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। सर्दियों में यह शून्य से नीचे -40 डिग्री तक चला जाता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें