शनिवार, 4 नवंबर 2017

29 अक्टूबर, 2017 के समसामयिक समाचार


भारत ने चाबहार बंदरगाह के जरिए अफगानिस्तान को गेहूं भेजा

गत 29 अक्टूबर को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गुजरात के कांडला बंदरगाह से गेंहू से लदे जहाज को चाबहार बंदरगाह (ईरान) के लिए रवाना किया। यह गेंहू चाबहार से अफगानिस्तान जाएगा। इस मौके पर अफगानिस्तान के विदेश मंत्री सलाहुद्दीन रब्बानी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये जुड़े रहे। भारत को अफगानिस्तान अपनी सामग्री भेजने के लिए पाकिस्तान की जमीन का इस्तेमाल करना पड़ता था, जिसमें वह कई बार रोडा अटकाता था। अब चाबहार बंदरगाह के जरिए भारत अफगानिस्तान को सामग्री भेज सकेगा। चाबहार से अफगानिस्तान सड़क मार्ग से जाया सकेगा।
चाबहार बंदरगाह ईरान में स्थित है।  मई 2015 में भारत ने चाबहार बंदरगाह के विकास हेतु द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

रेलवे का नया नियम : रेलवे आरक्षण फॉर्म में किन्नर 'टी' लिखेंगे

किन्नरों को रेलवे में टिकट आरक्षण के लिए अब आरक्षण फॉर्म में 'टी' (ट्रांसजेंडर) लिखना होगा। रेलवे ने नए नियम लेकर क्रिस (सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम) के सॉफ्टवेयर को अपडेट करने संबंधी निर्देश जारी कर दिए हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम ने जीती लगातार सातवीं शृंखला

भारतीय क्रिकेट टीम ने एक दिवसीय क्रिकेट में लगातार सातवीं शृंखला जीती है। यह उपलब्धि न्यूजीलैंड को तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से हराने पर हासिल की। शृंखला का आखिरी मैच कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में 29 अक्टूबर को खेला गया। जिसमें भारत ने जीत दर्ज की।

भारत के श्रीकांत ने जीता फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट

एक सत्र में लगातार चार खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने

देश के बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने फ्रेंच ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट जीत लिया है। उन्होंने फाइनल में जापानी खिलाड़ी निशिमोतो को हराया।  इस जीत के साथ श्रीकांत एक सत्र में चार खिताब जीतने दुनिया के चौथे और पहले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बने। इस वर्ष उन्होंने फ्रेंच ओपन के अलावा डेनमार्क ओपन, ऑस्ट्रेलिया ओपन और इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन के खिताब जीते हैं। इससे पूर्व वर्ष 2014 में उन्होंने चाइना ओपन और सन् 2015 में इंडिया ओपन का खिताब जीता था।

सातवें सुल्तान ऑफ जोहोर कप में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता

मलेशिया में आयोजित सातवें सुल्तान ऑफ जोहोर कप (अंडर 21) में भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता है। भारतीय टीम ने मलेशिया टीम को हराकर कांस्य पदक जीता। इसी टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने अमेरिकी टीम को 22-0 से हराया था। यह भारतीय हॉकी टीम की दूसरी सबसे बड़ी जीत थी।

दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर ने टी-20 का सबसे तेज शतक बनाया

दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी डेविड मिलर टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 35 गेंदों पर शतक बनाया। उन्होंने अपनी 101 रन की पारी में 36 गेंदों का सामना किया। उन्होंने ये रन 7 चौके और 9 छक्कों की मदद से बनाए।
इससे पूर्व टी-20 के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के ही रिचर्ड लेवी के नाम था, जो उन्होंने सन् 2012 में बनाया था। तब रिचर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 45 गेंदों में शतक ठोका था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें