सोमवार, 6 नवंबर 2017

31 अक्टूबर, 2017 के समसामयिक समाचार

भारत कारोबारी सुगमता में पहली बार शीर्ष 100 देशों में शामिल

दक्षिण एशिया और ब्रिक्स समूह का इकलौता देश

विश्व बैंक की 'डूइंग बिजनेस-2018' रिपोर्ट में 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' यानी कारोबारी सुगमता रैंकिंग में भारत ने पिछले साल के 130वीं स्थान से सीधे 100वें स्थान की छलांग लगाई है। विश्व बैंक ने भारत को इस साल सबसे ज्यादा सुधार करने वाले दुनिया के शीर्ष 10 देशों की सूची में शामिल किया है। विश्व बैंक की 'डूइंग बिजनेस-2018' रिपोर्ट में दस मापदंडों के आधार पर सभी देशों को कारोबारी सुगमता के मामले में रैंकिंग दी गई है। भारत इस प्रतिष्ठित सूची में स्थान पाने वाला दक्षिण एशिया और ब्रिक्स समूह का एकमात्र देश है। विश्व बैंक ने कारोबारी सुगमता के लिहाज से न्यूजीलैंड, सिंगापुर और डेनमार्क को चोटी के तीन देशों में रखा है।

नीलामणि एन. राजू बनीं कर्नाटक की पहली महिला डीजी-आईजीपी

1983 बैच की आइपीएस अधिकारी नीलामणि एन. राजू कर्नाटक की पहली महिला पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक (डीजी-आइजीपी) बनी हैं। वे रूपक कुमार दत्ता का स्थान लेंगी। नीलामणि एन. राजू मूलरूप से उत्तराखंड के रुड़की की रहने वाली हैं।

अभिनेता उपेन्द्र ने 'कर्नाटक प्रज्ञनयावंथा जनता पार्टी' नाम से नई राजनीतिक पार्टी बनाई

कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार उपेन्द्र ने 'कर्नाटक प्रज्ञनयावंथा जनता पार्टी' नाम से नया राजनीतिक दल बनाया है। कर्नाटक विधानसभा के अगले वर्ष होने वाले चुनावों में यह पार्टी हिस्सा लेगी। इस आशय की घोषणा उपेन्द्र ने बेंगलूरु में की।

भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक सपरिवार भारत यात्रा पर आए

भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक अपनी पत्नी जेतसन पेमा और पुत्र जिम्गे नामग्याल वांगचुक के साथ भारत की चार दिवसीय यात्रा पर भारत आए हैं। डोकलाम विवाद के बाद भूटान नरेश की यह पहली भारत यात्रा है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शाही परिवार का स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि डोकलाम भूटान शासित स्थान है जिस पर चीनी सेना ने सड़क बनाने की कोशिश की। भारत ने उसकी इस हरकत का विरोध कर उसे ऐसा करने से रोका। भूटान ने इस मामले में चीन से ज्यादा भारत पर भरोसा किया था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें