शनिवार, 11 नवंबर 2017

7 नवंबर, 2017 के समसामयिक समाचार

मेघालय के उमराव छावनी स्थित संयुक्त संग्राम केन्द्र में भारत-बांग्लादेश का संयुक्त युद्धाभ्यास 'संप्रति' शुरू

भारत और पड़ोसी देश बांग्लादेश के बीच एक सप्ताह का संयुक्त युद्धाभ्यास मेघालय के उमराव छावनी स्थित संयुक्त संग्राम केन्द्र में शुरू हुआ। 'संप्रति' नाम के इस युद्धभ्यास में बांग्लादेशी सेना के 14 और भारतीय सेना के 20 अधिकारी भाग ले रहे हैं। गजराज कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल एएस बेदी ने संयुक्त युद्धाभ्यास 'संप्रति' का शुभारंभ किया।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद के बढ़ते हुए खतरों को देखते हुए दोनों सेनाओं में सकारात्मक संबंधों को बनाने और बढ़ावा देने के लिए भारत-बांग्लादेश के बीच हर साल इस युद्धाभ्यास का आयोजन किया जाता है।

1000 किमी मारक क्षमता वाली स्वदेशी सब-सोनिक क्रूज मिसाइल 'निर्भय' का परीक्षण

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित सब-सोनिक क्रूज मिसाइल 'निर्भय' का सफल परीक्षण किया गया। यह परीक्षण ओडिशा के बालासोर स्थित चांदीपुर के एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) में किया गया।  300 किलोग्राम वजन तक के वारहेड्स (विस्फोटक) ले जाने में यह मिसाइल सक्षम है। परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम यह मिसाइल धीमी गति से आगे बढऩे, बेहतरीन नियंत्रण एवं दिशा निर्देशन, सटीक परिणाम देने और रडारों से बच निकलने की क्षमता वाली है। छह मीटर लंबी इस मिसाइल का प्रथम परीक्षण 12 मार्च, 2013 को किया गया था।
उल्लेखनीय है कि भारत के पास 300 किलोमीटर तक मारक क्षमता वाली सुपरसोनिक ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल पहले से ही है। ब्रह्मोस को भारत और रूस ने संयुक्त रूप से विकसित किया है, जबकि निर्भय को डीआरडीओ ने अपने दम पर बनाया है।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट : दोनों पारियों में हैट्रिक लेने वाले 39 साल में पहले गेंदबाज बने मिचेल स्टार्क

ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क 39 साल में प्रथम श्रेणी क्रिकेट के किसी एक मैच की दोनों पारियों में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। स्टार्क ने शेफील्ड शील्ड में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने न्यू साउथ वेल्स की ओर से खेलते हुए वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच की दोनों पारियों में हैट्रिक ली।
 इससे पूर्व 1978-79 में दोनों पारियों में हैट्रिक लेने का अद्भुत प्रदर्शन पाकिस्तानी खिलाड़ी अमीन लखानी ने किया था। उन्होंने कंबाइंड इलेवन की ओर से खेलते हुए भारत के खिलाफ यह प्रदर्शन किया।

'शी बॉक्स' में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकेंगी कामकाजी महिलाएं

महिला और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने सेक्सुअल हैरसमेंट इलैक्ट्रॉनिक (SHe) बॉक्स लॉन्च किया है। निजी व सरकारी कार्यालयों में कार्यरत महिलाएं यौन उत्पीडऩ की शिकायत इस बॉक्स के जरिए कर सकेंगे। इससे पूर्व यह सुविधा सिर्फ केन्द्र सरकार के कर्मचारियों को थी। शी बॉक्स का लिंक महिला और बाल विकास मंत्रालय की वेबसाइट पर दिया गया है।

भारत ने न्यूजीलैंड से टी-20 क्रिकेट में पहली बार जीती शृंखला

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड से टी-20 मैचों की शृंखला 2-1 से जीत ली है। यह पहली बार है जब भारत ने टी-20 की कोई शृंखला न्यूजीलैंड से जीती है। शृंखला का अंतिम मैच केरल के तिरुअनंतपुरम में भारतीय टीम ने जीता। उल्लेखनीय है कि तिरुअनंतपुरम में लगभग तीन दशक (29 साल) बाद किसी अंतरराष्ट्रीय मैच का आयोजन हुआ।

दिल्ली-एनसीआर में स्मॉग के कारण पांचवीं तक के स्कूल बंद, निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध

राजधानी दिल्ली-एनसीआर में स्मॉग का असर शुरू हो गया है। हवा सांस लेने लायक भी नहीं होने के कारण एहतियातन कक्षा पांच तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। एयरपोर्ट पर दृश्यता 200 मीटर तक पहुंचने के कारण कई उड़ाने प्रभावित हुई। स्मॉग के कारण वायु प्रदूषण का इंडेक्स 400 के ऊपर पहुंच गया है। दृश्यता भी घटकर 50 रह गई। सबसे ज्यादा समस्या दमा और सांस के रोगियों को हो रही है, उनका सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें