सोमवार, 13 नवंबर 2017

8 नवंबर, 2017 के समसामयिक समाचार

राष्ट्रीय बैडमिंटन : सायना नेहवाल और एचएस प्रणय बने नए चैंपियन

नागपुर में आयोजित 82वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में सायना नेहवाल ने महिला एकल और एचएस प्रणय ने पुरुष एकल का खिताब जीत लिया है। फाइनल में सायना ने जहां अपने से ऊंची रैंकिंग वाली सिंधु को हराया, वहीं एचएस प्रणय ने किदांबी श्रीकांत को हराकर पहली बार यह खिताब जीता।
यह भी रोचक तथ्य है कि खिताब जीतने वाली दोनों खिलाडिय़ों की विश्व रैंकिंग 11 है, जबकि उपविजेता रहने वाले दोनों खिलाड़ी विश्व रैंकिंग में दूसरी पायदान पर हैं।

अमेरिकी शहर होबोकेन के पहले सिख मेयर बने रविन्दर भल्ला

भारतवंशी रविंद्र भल्ला अमेरिका के न्यूजर्सी स्थित होबोकेन शहर के पहले सिख मेयर बन गए हैं। भल्ला को यह उपलब्धि पाने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। चुनाव में उन्हें आतंकवादी तक बताया गया। उन्होंने अपने छह प्रतिद्वंदियों को पछाड़कर यह जीत हासिल की।

मैरीकॉम ने एशिया मुक्केबाजी में पांचवीं बार स्वर्ण पदक जीता

वियतनाम के हो चि मिन्ह सिटी में हो रही एशियाई मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारत की एम.सी. मैरीकॉम ने पांचवीं बार स्वर्ण पदक जीता। मैग्निीफिसेंट मैरी के नाम से प्रसिद्ध मैरीकॉम ने 48 किग्रा वर्ग के फाइनल में उत्तर कोरिया की किम हयांग मि को 5-0 से हराया। यह उनका इस प्रतियोगिता में छठा पदक है। वर्ष 2008 में उन्होंने रजत पदक जीता था। तीन बच्चों की मां 35 वर्षीय मैरीकोम पांच बार विश्व चैंपियन रह चुकी हैं।
भारत ने चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, एक रजत और पांच कांसे सहित कुल सात पदक जीते। रजत पदक सोनिया लाठोर ने 57 किग्रा वर्ग में जीता। वहीं एल सरिता देवी (64 किग्रा), शिक्षा (54 किग्रा), प्रियंका चौधरी (60 किग्रा), लवलिना (69 किग्रा) और सीमा पूनिया (प्लस 81 किग्रा) ने कांस्य पदक जीता।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें