शनिवार, 2 दिसंबर 2017

18 नवंबर, 2017 के समसामयिक समाचार

नासा ने मौसम की जानकारी देने वाला अगली पीढ़ी का 'ज्वाइंट पोलर सैटेलाइट सिस्टम-1' उपग्रह लॉन्च किया

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अगली पीढ़ी के उपग्रह 'ज्वाइंट पोलर सैटेलाइट सिस्टम-1' (जेपीएसएस-1) को लॉन्च किया है। यह उपग्रह मौसम की जानकारी देगा। जेपीएसएस-1 पृथ्वी के एक से दूसरे ध्रुव की 14 बार परिक्रमा कर दिन में दो बार नासा को पृथ्वी के मौसम की जानकारी देगा। इस सेटेलाइट में कई आधुनिक उपकरणों का प्रयोग किया गया है। इससे वायुमंडल, भूमि, समुद्रतल के तापमान, ज्वालामुखी और तूफान की तीव्रता का अनुमान लगाया जा सकेगा।
यह उपग्रह नासा और नेशनल ओशियनिक एंड एटमोस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (एनओएए) ने साझे तौर पर लॉन्च किया है। इसे कैलिफोर्निया के वैंडनबर्ग एयरफोर्स बेस से छोड़ा गया। चार उपग्रहों की सीरीज का यह पहला उपग्रह है।

61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप : मानवजीत सिंह संधू फिर बने पुरुष ट्रैप के नेशनल चैंपियन

पूर्व विश्व चैंपियन मानवजीत सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित 61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप की पुरुष ट्रैप स्पर्धा का खिताब फिर से जीत लिया है। पंजाब की ओर से खेलते हुए मानवजीत ने उत्तर प्रदेश के अनवर सुल्तान को हराया।
अन्य परिणाम: जूनियर पुरुष ट्रैप में हरियाणा के लक्ष्य शेरॉन ने राजस्थान के विवान कपूर को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं जूनियर पुरुष टीम ट्रैप स्पर्धा का स्वर्ण पदक राजस्थान के अमन अली इलाही, विवान कपूर और मानवादित्य सिंह की टीम ने जीता। इस स्पर्धा में हरियाणा दूसरे और मध्य प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा

पुणे चैलेंजर टेनिस खिताब युकी भांबरी ने जीता

देश के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी ने पुणे में केपीआईटी-एमएसएलटीए चैलेंजर का खिताब जीत लिया है। उन्होंने फाइनल में हमवतन रामकुमार रामनाथन को हराया। वर्तमान में युकी की विश्व रैंकिंग 137 है। इस टूर्नामेंट को जीतने के बाद यह 100 के करीब हो जाएगी।

उच्च शिक्षा की पढ़ाई होगी डिजिटल, हरियाणा बना पहला राज्य

हरियाणा सरकार ने राज्य में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की पढ़ाई डिजिटल करने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के कंसोर्टियम फोर एजुकेशनल कम्युनिकेशन (सीईसी) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौता ज्ञापन के बाद  हरियाणा ई-लर्निंग डिजिटलाइजेशन अपनाने वाला देश का पहला प्रदेश बन गया है। प्रदेश के कॉलेज छात्र अध्ययन सामग्री को डाउनलोड करने के बाद ऑफलाइन पढ़ सकेंगे।

जर्मनी के बॉन जलवायु सम्मेलन सम्पन्न, पेरिस जलवायु समझौते पर एकजुट हुए 200 देश

जर्मनी के बॉन शहर में दो सप्ताह तक चले जलवायु सम्मेलन का समापन हो गया है। इसमें दुनिया के लगभग 200 देश सन् 2015 में हुए पेरिस जलवायु समझौते को सही दिशा में ले जाने में सफल हुए। सम्मेलन के अध्यक्ष फिजी के प्रधानमंत्री फ्रैंक बैनिमारामा ने कहा कि सम्मेलन में पेरिस समझौते की भावना और उसकी गति बनाए रखने का संकल्प लिया गया। लगभग सभी देश सन् 2018 में मौजूदा योजना की समीक्षा पर भी सहमत हुए।
अमेरिका के समझौते से हटने के बावजूद सम्मेलन में जीवाश्म इंधन को खत्म करने का लक्ष्य तय हुआ और अगले वर्ष दिसंबर तक पेरिस समझौते की नियमावली का मसौदा तैयार करने की दिशा में भी प्रगति हुई।

ब्रिटेन : 650 वर्षों में पहली महिला ब्लैक रॉड नियुक्त

ब्रिटिश महारानी के संबोधन के लिए सांसदों को बुलावा भेजने वाले ब्लैक रॉड के पद पर पहली बार किसी महिला की नियुक्ति की गई है। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने संसद के उच्च सदन हाउस ऑफ लॉड्र्स के लिए सारा क्लार्क को पहली महिला ब्लैक रॉड के रूप में नियुक्ति दी है। वे डेविड लीके का स्थान लेंगी। सन् 1361 यानी लगभग 650 में यह इस पद पर नियुक्ति होने वाली सारा पहली महिला हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें