दलवीर भंडारी दोबारा अंतरराष्ट्रीय कोर्ट के जज चुने गए
भारत के न्यायाधीश दलवीर भंडारी इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (आईसीजे) के दोबारा जज चुने गए हैं। उनके चयन में खास बात ये रही कि उन्होंने 71 साल के इतिहास में पहली बार ब्रिटेन को बाहर कर दिया। कोर्ट में जज नियुक्ति होने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा और सुरक्षा परिषद् दोनों में ही पूर्ण बहुमत आवश्यक था। महासभा में 11 बार वोटिंग हुई, वहीं ब्रिटेन के जज क्रिस्टोफर ग्रीनवुड के साथ सुरक्षा परिषद के 15 में से 9 सदस्य थे। लेकिन ब्रिटेन ने 12वें राउंड की वोटिंग से पहले अपना उम्मीदवार हटा लिया। इस तरह महासभा में 193 में से 183 और सुरक्षा के सभी 15 मत भंडार को मिले। भंडारी का मौजूदा कार्यकाल 15 फरवरी, 2018 तक रहेगा। उसके बाद अगला दूसरा कार्यकाल 9 वर्ष का रहेगा। इसमें पाकिस्तान भी भारत के विरोध में खड़ा दिखा।
1980 से सत्ता पर काबिज जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे ने छोड़ा पद
जिम्बाब्वे में 1980 से सत्ता में काबिज राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे ने आखिर अपने पद से इस्तीफा दे ही दिया। यह घोषणा संसद के स्पीकर जैकब मुदेंडा ने की। हाल ही सेना ने तख्ता पलट करते हुए राष्ट्रपति को नजरबंद कर दिया था।
भारतवंशी प्रो. कुरैशा अब्दुल करीम यूएनएड्स में विशेष दूत नियुक्त
दक्षिण अफ्रीका में रह रहीं एड्स शोधकर्ता प्रो. कुरैशा अब्दुल करीम को यूएनएड्स में एचआईवी बच्चों के लिए विशेष दूत बनाया गया है। उन्होंने युवाओं विशेषकर महिलाओं में एचआईवी संक्रमण के कारण खोजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके पति प्रो. सलीम अब्दुल करीम भी उन्हीं की तरह एड्स शोधकर्ता हैं। दोनों को कई बार विभिन्न देशों की सरकारों ने सम्मानित किया है।
आईएएस राजीव सिंह ठाकुर बने संयुक्त सचिव रक्षा
1995 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी राजीव सिंह ठाकुर को रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। वे वर्तमान में राजस्थान के खाद्य-नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव हैं। उनकी नियुक्ति पांच साल के लिए की गई है।
61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप : यूपी के 14 साल के शार्दुल विहान ने डबल ट्रैप इवेंट के चारों स्वर्ण पदक जीते
दिल्ली की करणी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही 61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के 14 साल के शार्दुन विहान ने डबल ट्रैप इवेंट के चारों स्वर्ण पदक जीत लिए हैं। गोल्डन बॉय शार्दुल ने जूनियर और सीनियर वर्ग में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक के साथ ही टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता। सीनियर टीम इवेंट में शार्दुल, अहवर रिजवी और मो. असब की तिकड़ी ने 411 अंक के साथ गोल्ड जीता।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें