मंगलवार, 12 दिसंबर 2017

22 नवंबर, 2017 के समसामयिक समाचार

सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस का सुखोई-30 विमान से पहला परीक्षण सफल

भारतीय वायुसेना ने एक और उपलब्धि हासिल करते हुए अपने मुख्य लडाकू विमान सुखोई-30 से सुपरसोनिक मिसाइल ब्रह्मोस का सफल परीक्षण किया। परीक्षण में मिसाइल ने लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाया। यह सुखोई पर तैनात किया जाने वाला सबसे भारी हथियार है। इसके साथ ही भारत दुनिया में पहला देश बन गया है, जिसके पास जल, थल और नभ से दागी जाने वाली सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है। मिसाइल दागने वाले क्रू में विंग कमांडर प्रशांत नायर और विंग कमांडर केपी किरण कुमार शामिल थे। वहीं, चेज एयरक्राफ्ट को स्कवाड्रन लीडर अंगद प्रताप और ग्रुप कैप्टन बद्रीश अत्रेय उड़ा रहे थे।

15वें वित्त आयोग के गठन को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी

केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने 15वें वित्त आयोग के गठन को मंजूरी दे दी है। इसकी सिफारिशें अप्रेल 2020 से लागू होंगी। संविधान की धारा 280(1) के तहत वित्त आयोग का गठन एक आवश्यक प्रक्रिया है। सामान्यत: आयोग की सभी सिफारिशें केन्द्र सरकार मान लेती हैं और अपनी कमाई का एक हिस्सा राज्यों के बीच बांटती है। नए आयोग का महत्व इस वजह से भी बढ़ जाता है कि ये नयी अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था, वस्तु व सेवा कर यानी जीएसटी लागू होने के बाद बंटवारे का फॉर्मूला देगा।

ब्रिक्स देशों के शीर्ष 20 विवि में चार भारतीय

संस्था क्यूएस (क्वाक्यूरेली सायमंडस) की ओर से जारी 300 से ज्यादा विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में ब्रिक्स देशों (भारत, चीन, रूस, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका) के शीर्ष 20 विवि में भारत के 4 संस्थानों को जगह मिली है। इनमें आईआईटी बॉम्बे 9वें, आईआईएससी 10वें, आईआईटी दिल्ली 15वें और आईआईटी मद्रास 18वें स्थान पर हैं। सूची में चीन के सबसे ज्यादा विवि शामिल हैं।

भारतीय नौसेना में पहली बार महिला पायलट शामिल, शुभांगी स्वरूप समुद्री टोही टीम में पायलट होंगी

भारतीय नौसेना में पहली बार महिला पायलट को शामिल किया गया है। केरल स्थित इंडियन नेवल एकेडमी की पासिंग आउट परेड में शामिल शुभांगी स्वरूप नौसेना की पहली महिला पायलट बनीं। वे समुद्री टोही टीम में पायलट नियुक्त होंगी। नौसेना ने महिलाओं को पायलट के रूप में भर्ती करने की मंजूरी सन् 2015 में दी थी। इसके साथ आस्था सहगल, रूपा ए. और शक्तिमाया एस. को नौसेना के आर्मामेंट इंस्पेक्शन ब्रांच में पहली बार शामिल किया गया है।

दक्षिण अफ्रीका के मुक्केबाज जोलानी टेटे ने वर्ल्ड बेंटमवेट टाइटल जीता, मात्र 11 सेकंड में मुकाबला जीत बनाया विश्व रिकॉर्ड

दक्षिण अफ्रीका के मुक्केबाज जोलानी टेटे ने हमवतन सिबोनिसो गोन्या को मात्र 11 सेकंड में हराकर वर्ल्ड बेंटमवेट खिताब जीत लिया है। मुक्केबाजी के इतिहास का यह सबसे छोटा मुकाबला रहा। 29 साल के टेटे अब तक 29 में से 26 मुकाबले जीते हैं। इनमें भी 21 नॉकआउट में जीते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें