जापान के प्रो. हिरोशी मारुई तीसरे 'आईसीसीआर गणमान्य भारतविद् पुरस्कार' से सम्मानित
भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद आईसीसीआर की ओर से तीसरा प्रतिष्ठित 'गणमान्य भारतविद्' पुरस्कार जापान के प्रोफेसर हिरोशी मारुई को प्रदान किया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। प्रोफेसर मारुई 40 वर्ष से भारतीय दर्शन और बौद्ध अध्ययन पर काम कर रहे हैं. उनके शोध पत्रों को दुनिया भर में कई विषयों पर अंतिम राय के तौर मान्यता मिली हुई है. जापानी एसोसिएशन ऑफ इंडियन और बौद्ध स्टडीज के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने जापान में इंडोलॉजी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उल्लेखनीय है कि विदेशों में कार्य कर रहे जाने माने भारतविद् को प्रति वर्ष सम्मानित करने के लिये आईसीसीआर ने 'गणमान्य भारतविद्' पुरस्कार की शुरूआत की। प्रख्यात विद्वानों को भारत दर्शन का अध्ययन/शिक्षण/अनुसंधान, विचार, इतिहास, कला, संस्कृति, भाषा, साहित्य, सभ्यता, समाज के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिये यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है।गोवा में 48वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का समापन, अमिताभ बच्चन 'वर्ष की भारतीय फिल्म शख्सियत पुरस्कार' से सम्मानित
गोवा के पणजी में 48वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का समापन हुआ। समारोह में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को फेस्टिवल में 'वर्ष की भारतीय फिल्म शख्सियत पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह को हर साल एक थीम पर तैयार किया जाता है और इस बार फेस्टिवल की थीम कहानियों के जरिए दुनिया भर को जोडऩे की थी। 20 नवंबर से 28 नवंबर तक चले इस समारोह में दुनिया भर से 100 देशों की फिल्मों ने भाग लिया और लगभग 200 फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।इन्होंने जीते पुरस्कार
फिल्म समारोह में मोरक्को में जन्मे फ्रेंच निर्देशक रॉबिन कम्पिल्लो की ड्रामा फिल्म '120 बीट्स पर मिनट' ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का खिताब जीता। '120 बीट्स पर मिनट' के मुख्य अभिनेता नाहुएल परेज बिस्केयार्ट को इसी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से नवाजा गया। चीनी निर्देशक विवियन कू को उनकी फिल्म 'एंजेल वियर वाइट' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के सम्मान से सम्मानित किया गया। मलयाली अभिनेत्री पार्वती टी.के. को उनकी फिल्म 'टेक ऑफ' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के सम्मान से सम्मानित किया गया।नेट न्यूट्रलिटी पर ट्राई ने सिफारिशें पेश की, इंटरनेट की आजादी का समर्थन किया
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने नेट न्यूट्रलिटी पर अपनी बहुप्रतीक्षित सिफारिशें पेश कर दीं। इसमें ट्राई ने आम जनता को इंटरनेट की आजादी देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ट्राई ने सरकार से ऐप, वेबसाइट और सेवाओं को अवरुद्ध कर ट्रैफिक में बाधा पहुंचाने और कई नेट सुविधाओं के लिए अलग-अलग कीमत वसूलने की इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (आइएसपी) की गतिविधियों को अनुचित ठहराते हुए ऐसा करने वालों पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है।हाल ही अमेरिका में यूएस फेडरल कम्यूनिकेशंस कमीशन के अध्यक्ष अजित पई ने इंटरनेट पर आने वाले सभी प्रकार के कंटेट को समान समझने के 2015 के नियम को खत्म करने और आईएसपी को कॉमन कैरियर्स के बजाय सूचना सेवाएं मानने का सुझाव दिया है।
क्या है नेट न्यूट्रलिटी?
नेट न्यूट्रलिटी वह सिद्धांत है जिसके तहत सभी आईएसपी से उम्मीद की जाती है कि वे इंटरनेट के जरिये भेजे जाने जाने वाले सभी प्रकार के डाटा को एक समान मानेंगे। वे इंटरनेट का उपयोग करने वाले विभिन्न श्रेणी के उपभोक्ताओं के साथ न तो कोई भेदभाव करेंगे और न ही उनसे भिन्न-भिन्न तरह के उपयोग के लिए अलग-अलग शुल्क वसूलेंगे।प्रदीप सिंह खरोला बने एयर इंडिया के सीएमडी
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी प्रदीप सिंह खरोला सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी एयर इंडिया के नए सीएमडी नियुक्त किए गए हैं। कर्नाटक कैडर के आईएएस खरोला राजीव बंसल का स्थान लेंगे।मुनाफाखोरी रोधी अथॉरिटी के पहले चेयरमैन बने बीएन शर्मा
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी बी.एन. शर्मा को जीएसटी एक्ट के तहत गठित नेशनल एंटी प्रोफिटरेयिंग अथॉरिटी का पहला चेयरमैन बनाया गया है। राजस्थान कैडर के आईएएस शर्मा अभी केंद्रीय वित्त मंत्रालय में राजस्व सचिव हैं।हैदराबाद में ग्लोबल आंत्रप्रेन्योरशिप समिट-2017 का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सलाहकार एवं बेटी इवांका ट्रम्प ने हैदराबाद में ग्लोबल आंत्रप्रेन्योरशिप समिट-2017 का उद्घाटन किया। इस तीन दिवसीय समिट का उद्घाटन मेड इन इंडिया रोबोट 'मित्र' का बटन दबाकर किया गया। 28-30 नवंबर तक चलने वाली इस समिटि की मुख्य थीम (विषय) 'वुमन फर्स्ट एंड प्रॉस्पेरिटी फॉर ऑल' रखी गई है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने हैदराबाद मेट्रो का भी उद्घाटन किया। यह मियांपुर से नागोल तक की 30 किमी की दूरी तय करेगी।
दक्षिण एशिया में पहली बार हो रही है ये समिट
2010 में इस समिट की शुरुआत बराक ओबामा ने की थी। इसके बाद यह पहला मौका है जब किसी साउथ एशियाई देश में यह समिट हो रही है। भारत और अमेरिका इस समिट के को-होस्ट हैं। समिट की अगुआई नीति आयोग कर रहा है। इसमें 127 देशों से 1500 आंत्रप्रेन्योर्स और 300 इन्वेस्टर्स समेत करीब 2000 लोग हिस्सा ले रहे हैं।
ऑक्सफोर्ड काउंसिल ने आंग सान सू की से 'फ्रीडम ऑफ ऑक्सफोर्ड अवॉर्ड' वापस लिया
म्यांमार की शीर्ष नेता आंग सान सू की से 'फ्रीडम ऑफ ऑक्सफोर्ड अवॉर्ड' वापस ले लिया गया है। यह निर्णय ऑक्सफोर्ड काउंसिल ने वोटिंग से किया। अवॉर्ड वापस लेने का कारण सू की द्वारा म्यांमार में रोहिंग्या मसले की अनदेखी करना बताया गया है।
स्नेहलता श्रीवास्तव लोकसभा की पहली महिला महासचिव नियुक्त
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी स्नेहलता श्रीवास्तव को लोकसभा की महासचिव नियुक्त किया गया है। वे लोकसभा की पहली महिला महासचिव हैं। मध्य प्रदेश कैडर की 1982 बैच की अधिकारी स्नेहलता 1 दिसंबर से कार्यभार संभालेंगी। वे अनूप मिश्रा का स्थान लेंगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें