शनिवार, 13 जनवरी 2018

02 दिसंबर, 2017 के समसामयिक समाचार

सलिल एस. पारेख बने इन्फोसिस के नए सीईओ व एमडी

सलिल एस. पारेख देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इन्फोसिस के नए सीईओ एवं एमडी बन गए हैं। अभी कंसल्टेंसी कंपनी कैपजेमिनी के शीर्ष अधिकारियों में शुमार सलिल पारेख इसके ग्रुप एक्जीक्यूटिव बोर्ड में सदस्य हैं।  उल्लेखनीय है कि अगस्त में तत्कालीन सीईओ विशाल सिक्का के अचानक इन्फोसिस छोडऩे के बाद से सीओओ यूबी प्रवीण राव अंतरिम सीईओ के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

भारतीय कप्तान विराट कोहली एक साल में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय क्रिकेटर बने, तोड़ा राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड

श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टेस्ट में विराट कोहली ने नाबाद 156 बनाने के साथ ही एक साल में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय क्रिकेटर होने का गौरव प्राप्त कर लिया। एक कैलेंडर वर्ष (सन् 2017) में कोहली ने 2681 रन बनाए। टेस्ट, एकदिवसीय और टी-20 क्रिकेट तीनों में यह किसी भी भारतीय का एक साल में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पूर्व यह रिकॉर्ड सन् 1999 में राहुल द्रविड ने बनाया था। तब उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में 2626 रन बनाए थे।

न्यूजीलैंड और रूस की मदद से 'हरनाली' भेड़ तैयार

हरियाणा के हिसार स्थित लाला लाजपतराय पशु विज्ञान एवं पशुचिकित्सा विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने न्यूजीलैंड और रूस की मदद से भेड़ की नई नस्ल 'हरनाली' तैयार की है। इसे विकसित करने में वैज्ञानिकों को 40 वर्ष लगे। यह भेड़ न्यूजीलैंड की कोरिडेल, रूस की मेरिनो और भारतीय नस्ल नाली के साथ मिलाकर तैयार की गई है। एनिमल जेनेटिक्स एंड ब्रीडिंग डिपार्टमेंट के वैज्ञानिकों द्वारा तैयार 'हरनाली' में रोग प्रतिरोधक क्षमता अन्य नस्लों की तुलना में अधिक है। इससे मिलने वाली ऊन भी उच्च नस्ल की होगी। अगले डेढ़ से दो वर्षों में यह भेड़ सभी भेड़पालकों को उपलब्ध करवा दी जाएगी। नई नस्ल का हरनाली नाम हरियाणा के हर और देसी नस्ल नाली को जोड़कर रखा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें