शनिवार, 13 जनवरी 2018

1 दिसंबर, 2017 के समसामयिक समाचार

कृषि मंत्रालय ने योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार को अनुबंधित किया

किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ खेती संबंधी योजनाओं की जानकारी देने के लिए कृषि मंत्रालय ने फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार को अनुबंधित किया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश के कुल 12 करोड़ किसानों में से अब तक 10 करोड़ के मृदा स्वास्थ्य कार्ड बना दिए गए हैं।

वरिष्ठ पत्रकार ए सूर्य प्रकाश फिर बने प्रसार भारती के चेयरमैन

वरिष्ठ पत्रकार ए सूर्य प्रकाश को फिर से प्रसार भारती  का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उप राष्ट्रपति ए वेंकैया नायडू की अध्यक्षता वाली समिति के सूर्य प्रकाश के नाम पर मुहर लगाने के बाद सूचना और प्रसारण मंत्रलय ने शुक्रवार को उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया। वे 70 वर्ष की उम्र यानी 8 फरवरी, 2020 तक इस पद पर रहेंगे।  उल्लेखनीय है कि प्रसार भारती दूरदर्शन और आल इंडिया रेडियो के कामकाज देखती है।

केन्द्र सरकार ने दी राष्ट्रीय पोषण मिशन को हरी झंडी, तीन साल में 9046 करोड़ रुपए होंगे खर्च

केन्द्र सरकार ने 9046 करोड़ रुपये के राष्ट्रीय पोषण मिशन को हरी झंडी दे दी है। इसका फैसला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में किया गया।  इस मिशन का काम बच्चों और महिलाओं में कुपोषण को दूर करने के लिए चल रही सभी सरकारी योजनाओं में समन्वय स्थापित करना होगा। तीन साल में 9046 करोड़ रुपए खर्च कर तीन चरणों में देश के सभी जिलों में इसे लागू किया जाएगा। चालू वित्तीय वर्ष में इसे 315, अगले साल 215 और 2019-20 में बाकी बचे जिलों मे लागू कर दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें