शुक्रवार, 19 जनवरी 2018

05 दिसंबर, 2017 के समसामयिक समाचार


सीरिया के मुहम्मद अल जुंदे को अंतरराष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार

वर्ष 2017 का बाल शांति पुरस्कार सीरिया के 16 वर्षीय किशोर मुहम्मद अल जुंदे को प्रदान किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार युद्धग्रस्त सीरियाई बाल शरणार्थियों के अधिकार सुनिश्चित करने के प्रयासों के लिए दिया गया है। उन्हें यह पुरस्कार नोबेल विजेता मलाला यूसुफजई ने प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि दुनिया में बाल अधिकारों की पैरवी के लिए गठित किड्स राइट्स संगठन सन् 2005 से हर वर्ष किसी बच्चे को अंतरराष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार से सम्मानित करता है।

संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब ने नया आर्थिक समूह बनाया

खाड़ी के देश संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब ने नया आर्थिक और साझेदारी समूह बनाने की घोषणा की है। इस 'ज्वायंट को-ऑपरेशन कमेटी' का कार्य दोनों देशों के बीच सैन्य, राजनीतिक, आर्थिक, व्यापार और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग की सभी संभावनाओं को तलाशना और द्विपक्षीय हित में अन्य देशों के साथ बातचीत करना होगा। यह संगठन खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) से अलग काम करेगा। जीसीसी का गठन सन् 1981 में अमेरिकी समर्थक खाड़ी देशों ने ईरान के विरोध में किया था।

अमेरिका के प्रभावशाली लोगों की सूची में भारतवंशी सांसद प्रमिला जयपाल भी शामिल

अमेरिकी पत्रिका 'पॉलिटिको' की ओर से अमेरिका के प्रभावशाली लोगों की सूची (पावर लिस्ट) में भारतवंशी सांसद प्रमिला जयपाल भी शामिल की गई हैं। पत्रिका में ऐसे राजनेताओं और संगठनों को स्थान दिया गया है, जो सन् 2018 में बड़ी भूमिका निभाने को तैयार हैं। 52 वर्षीय प्रमिला जयपाल इस सूची पांचवें स्थान पर हैं।

छह मुस्लिम बहुल देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश प्रतिबंध पर अमेरीका की शीर्ष कोर्ट ने लगाई मुहर

अमेरिका के सर्वोच्च न्यायालय ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस आदेश पर मुहर लगा दी है जिसमें छह मुस्लिम बहुल देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। कोर्ट के इस फैसले से अब चाड, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सीरिया और यमन के नागरिक अमेरिका में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।  ट्रंप ने इस साल जनवरी में राष्ट्रपति पद संभालने के कुछ दिन बाद ही यात्रा प्रतिबंध के पहले आदेश पर हस्ताक्षर किए थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें