मंगलवार, 23 जनवरी 2018

11 दिसंबर, 2017 के समसामयिक समाचार (करेंट अफेयर्स-2017)


नई दिल्ली में पहली बार 'आसियान-भारत कनेक्टिविटी' पर बैठक

नई दिल्ली में आसियान-भारत कनेक्टिविटी पर बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक चीन के वन बेल्ट वन रोड प्रोजेक्ट का जवाब मानी जा रही है। आसियान के साथ कनेक्टिविटी पर पहली बार आयोजित हुए इस सम्मेलन के आयोजन में जापान भी सहयोग कर रहा है।  विदेश मंत्रालय ने बताया कि सम्मेलन का विषय 'पावरिंग डिजिटल एंड फिजिकल लिंकेजेस फॉर एशिया इन द ट्वंटी वन सेंचुरी' है।
बैठक में विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने कहा कि भारत और आसियान देशों के बीच हर हफ्ते सैकड़ों फ्लाइट्स है, अगर हम सौ फ्लाइट और जोड़ दें तो भी डिमांड कम नहीं होगी। वहीं पश्चिम में हमारे पड़ोसी देश (पाकिस्तान) के लिए हफ्ते में 3 फ्लाइट भी नही भर पाती, तो हमारा पड़ोसी कौन है?

आसियान-भारत कनेक्टिविटी की जरूरत

चीन की महत्वकांक्षी योजना 'वन बैल्ट, वन रोड' (ओबीओआर) को जवाब देने के लिए भारत ने यह सम्मेलन आयोजित किया है। चीन ओबीओआर योजना के तहत आर्थिक गलियारा बना रहा है, जो कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से होकर गुजरेगा। इस योजना के तहत बन रही सड़क चीन के शिनजिंयाग क्षेत्र को पाकिस्तान के ब्लूचिस्तान से जोड़ेगी।

नई दिल्ली में 15वीं भारत-चीन-रूस त्रिपक्षीय विदेश मंत्री स्तरीय बैठक

भारत-चीन-रूस (आरआईसी) के बीच 15वीं  त्रिपक्षीय विदेश मंत्री स्तर की बैठक नई दिल्ली में हुई। भारत की ओर से विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, चीन की ओर से वांग यी और रूस की ओर से सर्गेई लावरोव ने भाग लिया। स्वराज ने बताया कि वार्ता में समान महत्व के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत हुई। अप्रैल, 2016 में मॉस्को के बाद भारत के विदेश मंत्री के तौर पर मेरी यह तीसरी आरआईसी वार्ता है।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष बने राहुल गांधी

राहुल गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। अध्यक्ष पद के नामांकन कर चुके राहुल गांधी के समर्थन में 89 नामांकन प्रस्ताव आए थे और सभी वैध पाए गए। पार्टी के चुनाव प्राधिकरण के रिटर्निंग ऑफिसर मुलापल्ली रामचंद्रन ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की।

ब्रिटिश अंटार्कटिक क्षेत्र में सबसे ऊंची चोटी बनी 'माउंट होप'

ब्रिटेन के अंटार्कटिक क्षेत्र में अब माउंट होप को सबसे ऊंची चोटी घोषित किया गया है। ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे (बीएएस) के अनुसार इसकी ऊंचाई 10,626 फीट है। अब तक ऊंची चोटी रही माउंट जैक्सन की ऊंचाई इससे 160 फीट कम यानी 10,446 है। हालांकि यह सर्वे विमानों की सुरक्षा के लिए कराया गया था, क्योंकि गलत जानकारियों के कारण वे चोटियों से टकरा जाते थे।

गोल्फ : मलेशिया के गेविन ग्रीन बने एशिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी

मलेशिया के गेविन ग्रीन ने एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट जीत लिया है। यह उपलब्धि पाने वाले वे मलेशिया के पहले गोल्फर हैं। 2004 से जब से एशियन टूर बना गेविन इसको जीतने वाले दूसरे सबसे युवा गोल्फर भी बने हैं। उनकी उम्र 23 वर्ष है। इससे पहले भारत के अनिर्बान लाहिरी दूसरे स्थान पर थे, जिन्होंने 27 वर्ष की आयु में खिताब जीता था। दक्षिण कोरिया के सियुंगयुल नोह ये खिताब सबसे कम उम्र में जीतने वाले गोल्फर हैं। उन्होंने सन् 2010 में 19 वर्ष की उम्र में यह खिताब जीता था।

गोल्फर शुभांकर शर्मा ने जीता जोहान्सबर्ग ओपन

भारतीय गोल्फर शुभांकर शर्मा ने जोहान्सबर्ग ओपन गोल्फ टूर्नामेंट जीत लिया है। वे भारत के ऐसे युवा गोल्फर बन गए हैं, जिन्होंने यूरोपियन टूर में जीत हासिल की है। इस जीत से शुभांकर की ऑफिशियल वल्र्ड गोल्फ रैंकिंग 462 स्थान से 226 स्थान पर आ गई है।

पनामा पेपर्स मामले में पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशहार डार 'भगोड़ा' घोषित

भ्रष्टाचार-निरोधी अदालत ने पनामा पेपर्स मामले में पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशहाक डार को 'भगोड़ा' घोषित कर दिया है। अदालत में बार-बार अनुपस्थित रहने के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की है। डार अभी लंदन में उपचार करा रहे हैं। पनामा पेपर्स मामले में पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय द्वारा 28 जुलाई को नवाज शरीफ को अयोग्य ठहराए जाने की पृष्ठभूमि में राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (नैब) ने डार पर मामला दर्ज किया था

सऊदी अरब : सिनेमा हॉल में फिल्में दिखाने पर से रोक हटी

35 वर्ष पुराने प्रतिबंध को हटाते हुए सऊदी अरब सरकार ने सिनेमा हॉल में सार्वजनिक रूप से फिल्मों के प्रदर्शन को अनुमति दे दी है। धार्मिक कट्टरपंथ को अपनाने वाले देश ने 80 के दशक में सिनेमा के साथ सार्वजनिक मनोरंजन की सभी चीजों को प्रतिबंधित कर दिया था। अब सऊदी प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान के नेतृत्व में यहां कई प्रकार के बदलाव किए जा रहे हैं। सन् 2030 तक लगभग 2000 से ज्यादा स्क्रीन वाले 300 सिनेमा हॉल बनाए जाएंगे।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने इटली में विवाह किया

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा विवाह बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने इटली के टसकनी में विवाह किया। इटली के टसकनी शहर में पहाड़ी इलाके के बीचों-बीच बोर्गो फिनोशीटो रिजॉर्ट में विरुष्का यानी विराट-अनुष्का ने शादी भारतीय परंपरा से की। विराट की डेस्टिनेशन और सीक्रेट मैरिज में सिर्फ दोनों के परिवार वाले उनके दोस्त ही यहां पहुंचे थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें