सोमवार, 10 फ़रवरी 2025

10 फरवरी 2025 : विश्व दलहन दिवस

विश्व दलहन दिवस

(World Pulses Day)

आज का दिन : 10 फरवरी 2025

world-pulses-day-2022
  • संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रतिवर्ष 10 फरवरी को विश्व दलहन दिवस मनाया जाता है।
  • विश्व दलहन दिवस हमारे भोजन में दालों के महत्व को उजागर करने के साथ ही इनके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है।
  • संयुक्त राष्ट्र की ओर से वर्ष 2016 को अंतरराष्ट्रीय दलहन वर्ष के रूप में मनाया गया था। बाद में 20 दिसंबर, 2018 को संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिवर्ष 10 फरवरी को विश्व दलहन दिवस मनाने का संकल्प अपनाया। पहला विश्व दलहन दिवस वर्ष 2019 में मनाया गया था। संयुक्त राष्ट्र का खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) इस दिवस को वृहद् स्तर पर मनाता है। 
  • सामान्य शब्दों में कहा जाए तो दलहन उस फसल को कहा जाता है, जिससे हमें दालें प्राप्त होती हैं। इनमें सूखी बीन्स, चना, अरहर, खेसारी, मसूर, मूंग, राजमा, कुल्थी, उड़दी आदि शामिल हैं। ये प्रोटीन का मुख्य स्रोत होती हैं। इनकी विशेष बात ये है कि पकने के बाद भी इनके पौष्टिक तत्व बने रहते हैं। सूखे वाले क्षेत्रों और वर्षा सिंचित क्षेत्रों में दलहन उगाई जा सकती हैं, क्योंकि इसमें पानी की खपत कम होती है। यह मृदा में नाइट्रोजन संरक्षित करके मृदा की उर्वरता में भी सुधार करती है। उर्वरकों के कम प्रयोग के कारण इनसे ग्रीन हाउस गैसों का उत्सर्जन भी कम होता है।
  • देश में दलहनी फसलों पर शोध के लिए उत्तर प्रदेश के कानपुर में 5 सितम्बर, 1993 को भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान (Indian Institute of Pulses Research) की स्थापना की गई। वर्तमान में भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान (आईआईपीआर) के धारवाड़ (कर्नाटक), भोपाल (मध्य प्रदेश), बीकानेर (राजस्थान) और खोरधा (ओडिशा) में क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र हैं।
  • भारत में प्राचीन काल से ही दलहनी फसलें उगाई जा रही हैं। खरीफ  फसलों के अंतर्गत अरहर, मूंग और उड़द तथा रबी फसलों में चना, मसूर, राजमा एवं मटर की खेती की जाती है। हालांकि कुछ स्थानों पर मूंग एवं उड़द की खेती जायद में भी की जाती है। हमारे देश में लगभग 30 मिलियन हेक्टयर क्षेत्र में दलहनी फसलों की खेती की जाती है। अखिल भारतीय स्तर पर दालों का उत्पादन 2015-16 के दौरान 163.23 लाख टन से बढ़कर 2023-24 के दौरान 244.93 लाख टन हो गया है।

*विश्व दलहन दिवस-2025 का विषय/थीम*

Pulses: Bringing diversity to agrifood systems

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें